मुजफ्फरपुर में रिश्तों का कत्ल! महज ₹2000 के लिए भाई को भाई ने पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट,मंदबुद्धि पत्नी के सिर से उठा पति का साया

भाई को भाई ने पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, गिरफ्तार - फोटो : Reporter

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां महज दो हजार रुपये के लेनदेन के विवाद में एक चचेरे भाई ने अपने ही भाई की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है।


शराब पीने के बहाने चौर में ले गया, फिर उतार दिया मौत के घाट

दिल दहला देने वाली यह वारदात सकरा थाना क्षेत्र के रहीमपुर रक्सा गांव की है। मृतक की पहचान 42 वर्षीय संजय पासवान के रूप में हुई है, जो पेशे से मजदूर था। परिजनों के अनुसार, गुरुवार को संजय अपने घर पर ही था, तभी उसका चचेरा भाई सीताराम पासवान उसे शराब पीने का बहाना बनाकर गांव के पास स्थित चौर (बगीचे/खाली मैदान) की तरफ ले गया। वहां दो हजार रुपये की देनदारी को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई।


उग्र हुआ आरोपी, लाठी-डंडों से पीट-पीटकर तोड़ दिया दम

चौर में विवाद बढ़ने के बाद आरोपी सीताराम पासवान ने आपा खो दिया और संजय पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपी ने संजय को तब तक बेरहमी से पीटा जब तक कि वह अधमरा नहीं हो गया। घटना की भनक लगते ही ग्रामीण तुरंत चौर की तरफ दौड़े और खून से लथपथ संजय को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक संजय की कोई संतान नहीं है और उसकी पत्नी भी मंदबुद्धि है, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


डीएसपी और FSL की टीम पहुंची घटनास्थल, जुटाए अहम सबूत

इस जघन्य हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी ईस्ट-2 मनोज कुमार सिंह खुद पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इसके साथ ही वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए पटना से विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और वहां से खून के धब्बे व अन्य महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित किए ताकि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके।


पुलिस की गिरफ्त में कातिल भाई, डीएसपी ने की पुष्टि

मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी पूर्वी-2 मनोज कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों भाई सुबह एक साथ घर से निकले थे। चौर में महज दो हजार रुपये के आपसी विवाद को लेकर चचेरे भाई सीताराम ने मारपीट कर संजय पासवान की हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सीताराम पासवान को गिरफ्तार कर लिया है और उससे थाने में गहन पूछताछ की जा रही है।

रिपोर्ट - मणिभूषण