मुजफ्फरपुर में निगरानी विभाग की बड़ी कार्रवाई, ₹20,000 रिश्वत लेते पंचायत रोजगार सेवक गिरफ्तार

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग का बड़ा एक्शन, मुजफ्फरपुर के सकरा में मनरेगा काम के बदले ₹20,000 की रिश्वत ले रहे पंचायत रोजगार सेवक जितेंद्र कुमार को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।वार्ड सदस्य की शिकायत पर विजिलेंस टीम ने बिछाया जाल

मुजफ्फरपुर में निगरानी विभाग , ₹20,000 रिश्वत लेते पंचायत रोजगार सेवक को दबोचा - फोटो : Reporter

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (Vigilance Investigation Bureau) को एक और बड़ी सफलता मिली है। ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने मुजफ्फरपुर जिले के सकरा प्रखंड अंतर्गत सिराजाबाद पंचायत के पंचायत रोजगार सेवक जितेंद्र कुमार को 20,000 (बीस हजार) रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के बाद से जिले के प्रशासनिक और पंचायत गलियारों में हड़कंप मच गया है।


मनरेगा कार्य के एवज में मांगी थी रिश्वत, वार्ड सदस्य ने की थी शिकायत

यह पूरा मामला मनरेगा (MGNREGA) योजनाओं से जुड़ा हुआ है। दरअसल, सिराजाबाद पंचायत (वार्ड नंबर 11) के वर्तमान वार्ड सदस्य और परिवादी आदित्य कुमार (पिता- तपेश्वर साह) ने इस संबंध में निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। परिवादी का आरोप था कि उनके वार्ड में मनरेगा से संबंधित कार्यों को कराने और फाइलों को आगे बढ़ाने के एवज में पंचायत रोजगार सेवक जितेंद्र कुमार द्वारा अवैध रूप से रिश्वत की मांग की जा रही थी।


सत्यापन में सच साबित हुआ आरोप, डीएसपी के नेतृत्व में बिछाया गया जाल

वार्ड सदस्य से शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने अपने स्तर से आरोपों का गुप्त सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगे जाने के पुख्ता प्रमाण मिलने और मामला पहली नजर में सही पाए जाने पर निगरानी थाना कांड संख्या- 083/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद अनुसंधानकर्ता व वरीय पुलिस उपाधिक्षक  विकास कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में एक त्वरित धावा दल (SIT) का गठन किया गया ताकि आरोपी को रंगे हाथों दबोचा जा सके।


पीआर मार्ट से रंगे हाथों दबोचा गया आरोपी, विशेष न्यायालय में होगी पेशी

योजना के अनुसार, बुधवार को जैसे ही परिवादी ने आरोपी रोजगार सेवक जितेंद्र कुमार को सकरा थाना क्षेत्र के सबहा चौक स्थित 'पी०आर० मार्ट' में रिश्वत के 20,000 रुपये थमाए, वैसे ही पहले से घात लगाकर बैठी निगरानी की टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पटना मुख्यालय लाया गया, जहां पूछताछ के बाद उसे मुजफ्फरपुर स्थित माननीय विशेष न्यायालय (निगरानी) में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की कानूनी जांच और कार्रवाई जारी है।

रिपोर्ट - रंजीत कुमार