Govind Sharma Murder Case: हत्या की जिम्मेदारी लेने वाला गिरफ्तार बाबुल चौधरी की निशानदेही पर मिला खून लगा शर्ट

मुजफ्फरपुर के शार्प शूटर गोविंद शर्मा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या की जिम्मेदारी लेने वाले मुख्य आरोपी बाबुल चौधरी को उसके साथी के साथ दरभंगा एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की निशानदेही पर खून से सना शर्ट भी बरामद

दरभगा एयरपोर्ट से बाबुल चौधरी गिरफ्तार, खून से सना शर्ट बरामद- फोटो : Reporter

मुजफ्फरपुर के नगर थाना क्षेत्र स्थित एक अपार्टमेंट में रविवार की देर शाम शंभू मंटू गिरोह के शार्प शूटर गोविंद शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कई थानों की पुलिस के साथ खुद जिले के पुलिस कप्तान (एसएसपी) राकेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला था। घटनास्थल पर तुरंत एफएसएल (FSL) की टीम को बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित किए गए थे। इस बीच मृतक की पत्नी के आवेदन पर जमीन विवाद, पैसों के लेनदेन और प्रेम प्रसंग को मुख्य वजह बताते हुए रंजय, ओंकार सिंह, बाबुल चौधरी और पटना निवासी गोविंद की प्रेमिका के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी।


हत्या के बाद आरोपी ने ऑडियो जारी कर ली थी जिम्मेदारी

वारदात के महज 12 घंटे बाद इस हत्याकांड में एक नया मोड़ आया, जब मुजफ्फरपुर के तुर्की थाना क्षेत्र के तुर्की छाजन निवासी बाबुल चौधरी का एक ऑडियो और व्हाट्सएप मैसेज तेजी से वायरल हुआ। इस ऑडियो में बाबुल चौधरी ने सरेआम गोविंद शर्मा की हत्या करने की जिम्मेदारी ली थी। उसने दावा किया था कि जिस गोविंद शर्मा के कारण उस पर पहले केस हुआ, वही अब उसके कारोबार के खिलाफ साजिश रच रहा था। बाबुल ने ऑडियो में यह भी कहा कि अगर वह गोविंद शर्मा की हत्या नहीं करता, तो गोविंद खुद उसकी जान ले लेता।


पुलिस की त्वरित कार्रवाई: 48 घंटे में ओंकार गिरफ्तार, मिले जमीन के कागजात

मामले के उद्भेदन के लिए एसएसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज 48 घंटे के भीतर नामजद आरोपी ओंकार सिंह को धर दबोचा। पुलिस ने जब ओंकार सिंह के घर पर छापेमारी की, तो वहाँ से करीब 50 प्लॉटों के जमीन से जुड़े दस्तावेज (डीड) बरामद किए गए, जो जमीन विवाद के कोण को पुख्ता करते हैं। पूछताछ के बाद पुलिस ने ओंकार सिंह को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था, जिसके बाद से मुख्य शूटरों की तलाश तेज कर दी गई थी।


 दरभंगा एयरपोर्ट से बाबुल चौधरी गिरफ्तार, खून से सना शर्ट बरामद

इसी क्रम में गठित विशेष टीम को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी, जब पुलिस ने मुख्य आरोपी बाबुल चौधरी और उसके एक अन्य सहयोगी को दरभंगा एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद जब विशेष टीम ने बाबुल चौधरी से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात के समय पहना हुआ खून से सना शर्ट बरामद कर लिया। बताया जा रहा है कि यह वही शर्ट है, जिसे पहनकर गोविंद शर्मा पर गोलियों की बौछार की गई थी। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार दोनों आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है ताकि हत्याकांड के सभी कड़ियों का पूरी तरह खुलासा किया जा सके।

रिपोर्ट - मणिभूषण