Bihar Police: बिहार पुलिसिंग और नेतृत्व का जलवा, मुजफ्फरपुर के सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी को अमेरिका से बुलावा, 13 दिसंबर को मिलेगा सम्मान
Bihar Police: बिहार पुलिस के लिए फख्र की खबर सामने आई है।...
Bihar Police: बिहार पुलिस के लिए फख्र की खबर सामने आई है। बेहतर पुलिसिंग, प्रभावी नेतृत्व और उत्कृष्ट कार्यशैली के लिए मुजफ्फरपुर के नगर पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मोहिबुल्लाह अंसारी को अमेरिका में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में विशेष मेहमान के तौर पर आमंत्रित किया गया है। उन्हें अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित टाम्पा में होने वाले 7वें वर्ल्ड फेयर एंड फेस्ट-2026 में सम्मानित किया जाएगा।
आयोजक संस्था Association of World Fair and Fest USA Inc. की ओर से भेजे गए निमंत्रण पत्र में सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी की पुलिस सेवा, नेतृत्व क्षमता, उपलब्धियों और समाज के प्रति उनके योगदान की सराहना की गई है। निमंत्रण में उन्हें कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में शामिल होने का आग्रह किया गया है।
कार्यक्रम का आयोजन 13 दिसंबर 2026 को अमेरिका के टाम्पा स्थित Sheraton Tampa Brandon Hotel में किया जाएगा। इसी समारोह के दौरान मोहिबुल्लाह अंसारी को “Award of Honour & Felicitation” से सम्मानित किए जाने की बात निमंत्रण पत्र में कही गई है।
पुलिस सेवा में उत्कृष्ट कार्य और नेतृत्व के लिए किसी भारतीय पुलिस अधिकारी को अंतरराष्ट्रीय मंच पर सम्मान के लिए आमंत्रित किया जाना संबंधित शहर और पुलिस महकमे के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। अमेरिका से मिले इस निमंत्रण ने मुजफ्फरपुर पुलिस के बीच भी उत्साह बढ़ाया है।
मोहिबुल्लाह अंसारी की पुलिसिंग में बेहतर नेतृत्व और कानून-व्यवस्था को लेकर किए गए कार्यों को देखते हुए यह अंतरराष्ट्रीय सम्मान उनके पेशेवर योगदान को वैश्विक मंच पर पहचान देने वाला अवसर होगा। दिसंबर में आयोजित होने वाले इस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों और विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की उम्मीद है।
मुजफ्फरपुर के सिटी एसपी को मिले इस विशेष आमंत्रण की खबर सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर भी इसे शहर के लिए गौरव का क्षण बताया जा रहा है। अब 13 दिसंबर को टाम्पा में होने वाले समारोह पर मुजफ्फरपुर की निगाहें रहेंगी।