Navratri 2026 Muzaffarpur:सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने निकले SSP कांतेश कुमार मिश्रा, चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात
Muzaffarpur Navratri 2026: नवरात्रि के पहले दिन मुजफ्फरपुर SSP कांतेश कुमार मिश्रा ने शहर और पूजा पंडालों का औचक निरीक्षण किया। शहर में सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
शारदीय नवरात्रि के पहले दिन मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) कांतेश कुमार मिश्रा खुद शहर की सुरक्षा व्यवस्था और पूजा पंडालों का जायजा लेने के लिए सड़क पर उतरे। इस दौरान उन्होंने शहर के विभिन्न हिस्सों में बनाए गए पूजा पंडालों का निरीक्षण किया और वहां की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।
सुरक्षा और यातायात पुलिस के लिए होती है बड़ी चुनौती
आज से शुरू हुई नवरात्रि पूजा अगले नौ दिनों तक चलेगी, जिसके दौरान शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर भव्य पंडाल बनाकर माता की प्रतिमा स्थापित की जाती है। इस पावन अवसर पर मुजफ्फरपुर शहर में देश-दुनिया और आसपास के इलाकों से भारी संख्या में श्रद्धालुओं की अपार भीड़ उमड़ती है। इतनी बड़ी भीड़ के कारण कानून-व्यवस्था और यातायात को सुचारू रखना पुलिस प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती होती है।
पहले ही दिए गए हैं कड़े निर्देश, चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात
त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने पहले ही संबंधित अधिकारियों को यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के कड़े निर्देश दे दिए थे। पूरे नवरात्रि पर्व के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, जिसके तहत सभी प्रमुख पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा चौक-चौराहों, पंडालों के अंदर और सादे लिबास (ड्रेस कोड के बिना) में भी पुलिस बल की तैनाती की गई है।
स्थानीय थानों और वरीय अधिकारियों की लगातार रहेगी निगरानी
सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखने के लिए स्थानीय थाने की पुलिस लगातार अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त और भ्रमणशील रहेगी। साथ ही, वरीय पुलिस अधिकारी भी लगातार शहर का जायजा लेते नजर आएंगे। इसी कड़ी में आज अचानक अपने काफिले के साथ सड़कों पर उतरे एसएसपी ने शहर के कई प्रमुख पंडालों का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत की जानकारी प्राप्त की।
मुजफ्फरपुर से मणिभूषण की रिपोर्ट