Bihar News : मुजफ्फरपुर एसएसपी ने मनियारी थाने में सुनीं लोगों की समस्याएं, समाधान के लिए अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

MUZAFFARPUR : जिले में पुलिस और जनता के बीच की दूरी कम करने और बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) कांतेश कुमार मिश्रा लगातार जनसंवाद कार्यक्रम कर रहे हैं। इसी कड़ी में आज एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा मुजफ्फरपुर के मनियारी थाने पहुंचे। यहाँ आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में आम लोग और स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल हुए, जिनके साथ एसएसपी ने सीधा संवाद किया और पुलिस प्रशासन से जुड़ी उनकी अपेक्षाओं को समझा।

थाने पर आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याओं और शिकायतों को लेकर पहुंचे थे। एसएसपी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए एक-एक कर सभी फरियादियों की बातों को सुना। भूमि विवाद, आपसी रंजिश और आपराधिक मामलों से संबंधित शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित पुलिस अधिकारियों को फटकार भी लगाई और समय सीमा के भीतर समस्याओं के गुणवत्तापूर्ण समाधान का सख्त निर्देश दिया।

इस जनसंवाद कार्यक्रम में एसएसपी के साथ एसडीपीओ वेस्ट-2 अनिमेष चंद ज्ञानी, मनियारी थानाध्यक्ष जे.पी. गुप्ता सहित थाने के तमाम पुलिस कर्मी और क्षेत्र के कई प्रमुख जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर भी चर्चा की गई। एसएसपी ने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे समाज में शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।

मीडिया से मुखातिब होते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने कहा कि इस जनसंवाद का मुख्य उद्देश्य पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाना और आम जनता का विश्वास जीतना है। उन्होंने बताया कि मनियारी थाने में संवाद के दौरान लोगों ने कई अहम मुद्दों से अवगत कराया है, जिसके निदान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है। पुलिस का प्रयास है कि आम आदमी को अपनी शिकायत लेकर मुख्यालय के चक्कर न काटने पड़ें, बल्कि उनके स्थानीय थाने में ही सुनवाई सुनिश्चित हो।

अंत में एसएसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि जनसंवाद की यह प्रक्रिया केवल एक थाने तक सीमित नहीं रहेगी। जिले के अलग-अलग थानों पर लगातार इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि जमीनी स्तर पर फीडबैक लेकर अपराध मुक्त समाज की दिशा में काम किया जा सके। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि थाने पर आने वाले हर व्यक्ति के साथ सम्मानजनक व्यवहार करें और उनकी समस्याओं को गंभीरता से लें। 

मणिभूषण की रिपोर्ट