मुजफ्फरपुर: मंदिर में मां सरस्वती के सामने लहराया हथियार, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

बिहार के मुजफ्फरपुर में पुलिस के इकबाल को खुली चुनौती बेनीबाद थाना क्षेत्र का एक वीडियो वायरल हो रहा है,जिसमें युवक मंदिर में मां सरस्वती के चरणों में हथियार रखकर आशीर्वाद लेता दिख रहा है।कानून की धज्जियां उड़ाने का यह वीडियो चर्चा का विषय बना है

मंदिर में मां सरस्वती के सामने लहराया हथियार- फोटो : Reporter

बिहार में सोशल मीडिया पर हथियार लहराकर दहशत फैलाने और पुलिस को चुनौती देने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मुजफ्फरपुर जिले से एक ऐसा ही सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक का मंदिर परिसर में सरेआम हथियार लहराने का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। खुलेआम अवैध हथियार का प्रदर्शन कर युवक ने पुलिस-प्रशासन के कानून व्यवस्था के दावों की पोल खोलकर रख दी है।


मां सरस्वती के चरणों में शस्त्र रख मांगा आशीर्वाद, आस्था को पहुंची ठेस

सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर हो रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक माता के मंदिर में जाता है और मां सरस्वती की प्रतिमा के चरणों में पिस्टल रख देता है। इसके बाद वह हाथ जोड़कर हथियार पर ही माता से आशीर्वाद लेता दिखाई देता है। प्रथम दृष्टया यह वीडियो वसंत पंचमी यानी सरस्वती पूजा के दौरान का प्रतीत हो रहा है। विद्या की देवी मां सरस्वती के चरणों में शस्त्र रखकर पूजा करने के इस कृत्य से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं और आस्था को गहरा आघात पहुंचा है।


बेनीबाद थाना क्षेत्र का बताया जा रहा वायरल वीडियो

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, हथियार प्रदर्शन का यह विवादित वीडियो मुजफ्फरपुर जिले के बेनीबाद थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और वे पुलिस से इस तरह की घटिया मानसिकता रखने वाले युवक पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। सवाल यह भी उठ रहा है कि आखिर असामाजिक तत्व किस तरह बेखौफ होकर धार्मिक स्थलों को हथियार प्रदर्शन का अड्डा बना रहे हैं।


वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर जांच में जुटी पुलिस

वीडियो का संज्ञान लेते हुए स्थानीय पुलिस अब मामले की तकनीकी जांच और आरोपी युवक की पहचान में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर युवक के ठिकाने का पता लगाया जा रहा है। धार्मिक स्थल का इस्तेमाल कर कानून का उल्लंघन करने वाले और समाज में दहशत फैलाने की नीयत से हथियार का प्रदर्शन करने वाले आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

मुजफ्फरपुर से मणिभूषण की रिपोर्ट