मुजफ्फरपुर में ब्रह्मपूजन के दौरान टूटी पीपल की डाल, दो मासूमों की मौत, 8 लोग घायल, मचा कोहराम

Bihar News: ब्रह्मपूजन के दौरान अचानक पीपल के पेड़ की भारी टहनी टूटकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।...

धार्मिक आयोजन के दौरान दर्दनाक हादसा- फोटो : reporter

Muzaffarpur:  जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र में एक धार्मिक आयोजन के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। मिठनसराय माधोपुर इलाके में ब्रह्मपूजन के दौरान अचानक पीपल के पेड़ की भारी टहनी टूटकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और इलाके में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, अहियापुर थाना क्षेत्र के मिठनसराय माधोपुर वार्ड नंबर-11 में हर वर्ष की तरह इस बार भी पीपल के पेड़ के नीचे ब्रह्मपूजन का आयोजन किया जा रहा था। बड़ी संख्या में लोग पूजा में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक पीपल के पेड़ की एक बड़ी टहनी टूटकर नीचे गिर गई और वहां मौजूद लोग उसकी चपेट में आ गए।

इस दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों की जान चली गई। मृतकों की पहचान सोनू कुमार (14 वर्ष), पिता किशोर साह और अनन्या कुमारी (8 वर्ष), पिता दिलीप साह के रूप में हुई है। दोनों बच्चों की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

वहीं, घटना में करीब आठ लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों में राजा प्रताप सिंह, हेमंत झा, जंग बहादुर सिंह, संस्कार कुमार, अभिषेक कुमार, काजल कुमारी, ज्योति कुमारी और अंशु कुमारी शामिल हैं। सभी घायल मिठनसराय माधोपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। घायलों का इलाज मुजफ्फरपुर के अस्पताल में चल रहा है।घटना की सूचना मिलते ही अहियापुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया और मृत दोनों बच्चों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि टहनी अचानक किन परिस्थितियों में गिरी।एक धार्मिक आयोजन के बीच हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। जहां एक ओर पूजा स्थल पर खुशी का माहौल था, वहीं कुछ ही पलों में मातम छा गया। घटना के बाद पीड़ित परिवारों के घरों में शोक की लहर है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा