Bihar News: नशे में ऑटो चला रहा था चालक का दावा निकला फर्जी, वायरल वीडियो की हकीकत ने खोली अफवाहबाजों की पोल

Bihar News: जिस वीडियो को शराब के नशे में ऑटो चलाने का मामला बताकर प्रचारित किया जा रहा था, पुलिस जांच में वह दावा पूरी तरह बेबुनियाद और गुमराह करने वाला साबित हुआ है। ...

नशे में ऑटो चला रहा था चालक का दावा निकला फर्जी- फोटो : reporter

Bihar News: मुजफ्फरपुर में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल किए गए एक वीडियो की सच्चाई सामने आने के बाद अफवाह फैलाने वालों की मंशा पर सवाल खड़े हो गए हैं। जिस वीडियो को शराब के नशे में ऑटो चलाने का मामला बताकर प्रचारित किया जा रहा था, पुलिस जांच में वह दावा पूरी तरह बेबुनियाद और गुमराह करने वाला साबित हुआ है। अब इस पूरे घटनाक्रम ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अपुष्ट खबरों की विश्वसनीयता पर भी बहस छेड़ दी है।

वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो मुजफ्फरपुर के कटरा थाना क्षेत्र का है। वीडियो में दिखाई दे रहे ऑटो चालक और उसका बेटा नया ऑटो खरीदकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क पर सुखाने के लिए फैलाई गई मक्के की फसल पर ऑटो का चक्का फिसल गया और वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद वहां मौजूद कुछ लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया और उसे शराब के नशे से जोड़कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।घटना के बाद चालक और उसका बेटा मौके से चले गए थे। इसी बात को आधार बनाकर तरह-तरह की अफवाहें फैलने लगीं। सूचना मिलने पर कटरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ऑटो को अपने कब्जे में लेकर स्थानीय लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान ग्रामीणों ने भी स्पष्ट रूप से बताया कि सड़क पर रखे मक्के के कारण ऑटो पलटा था, न कि चालक की किसी लापरवाही या नशे की वजह से।

कुछ समय बाद चालक अपने बेटे के साथ स्वयं थाने पहुंच गया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि दुर्घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे और उन्हें मारपीट की आशंका सताने लगी थी। घबराहट में उन्होंने शराब पीने जैसी बात कह दी, जिसे कुछ लोगों ने सच मानकर प्रचारित कर दिया।मामले की निष्पक्ष जांच के लिए पुलिस ने दोनों का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट कराया। जांच रिपोर्ट में शराब सेवन की पुष्टि नहीं हुई और परिणाम पूरी तरह शून्य पाया गया। इसके बाद पुलिस ने साफ कर दिया कि शराब के नशे में वाहन चलाने का वायरल दावा पूरी तरह झूठा और भ्रामक है।

इस मामले ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि सोशल मीडिया की अदालत में कई बार अफवाहें हकीकत से ज्यादा तेजी से दौड़ती हैं। कटरा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी वीडियो या खबर को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि जरूर करें। पुलिस ने यह भी कहा है कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।बहरहाल, इस घटना में ऑटो चालक पर लगे आरोप तो जांच में ध्वस्त हो गए, लेकिन यह मामला सोशल मीडिया पर फैलने वाली झूठी सूचनाओं के खतरनाक असर की एक बड़ी मिसाल बन गया है।

ब्यूरो रिपोर्ट