Bihart News:थाने से मोबाइल नहीं मिला तो टावर पर चढ़ा युवक, घंटों चला हाई-वोल्टेज ड्रामा

Bihart News: जप्त मोबाइल वापस नहीं मिलने से नाराज एक युवक ने ऐसा कदम उठाया, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

थाने से मोबाइल नहीं मिला तो टावर पर चढ़ा युवक- फोटो : reporter

Bihar News: मुजफ्फरपुर में जप्त मोबाइल वापस नहीं मिलने से नाराज़ एक युवक ने ऐसा कदम उठाया, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। गायघाट थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी अंकित राज चौधरी थाने से मोबाइल नहीं मिलने पर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। काफी मशक्कत और समझाइश के बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतारा।

जानकारी के अनुसार, बीते दिनों अंकित राज चौधरी के तीन मोबाइल चोरी हो गए थे। मामले में गायघाट थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को चोरी के मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया था। आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया, जबकि बरामद मोबाइल जप्ती सूची बनाकर केस के अनुसंधानकर्ता के पास सुरक्षित रखा गया।

बुधवार को युवक कोर्ट से एक मोबाइल का रिलीज ऑर्डर लेकर अपना मोबाइल लेने थाने पहुंचा। लेकिन संबंधित अनुसंधानकर्ता के थाने पर मौजूद नहीं रहने के कारण उसे मोबाइल नहीं मिल सका। इसी बात को लेकर युवक नाराज़ हो गया। आरोप है कि उसने थाने में तैनात महिला पुलिसकर्मी के साथ अभद्र व्यवहार किया, जबकि युवक ने उल्टे पुलिस पर मारपीट और दुर्व्यवहार का आरोप लगाया।

विवाद बढ़ने के बाद युवक सीधे पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। टावर पर युवक को देखकर आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। किसी भी अनहोनी की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया।करीब काफी देर तक चली समझाइश के बाद युवक टावर से नीचे उतरने को तैयार हुआ। पुलिस ने उसे सुरक्षित उतारकर स्थिति को नियंत्रित किया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा।

यह घटना एक बार फिर बताती है कि व्यक्तिगत विवाद या नाराज़गी में इस तरह के खतरनाक कदम न केवल व्यक्ति की जान जोखिम में डालते हैं, बल्कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस और प्रशासन के सामने भी बड़ी चुनौती खड़ी कर देते हैं।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा