Bihar Crime : मुजफ्फरपुर में जदयू नेता के भाई से बदमाशों ने लूटी सोने की चेन, विरोध करने पर चलायी गोली

Bihar Crime : मुजफ्फरपुर में बेख़ौफ़ बदमाशों ने जदयू नेता के भाई से सोने की चेन लूट ली. विरोध करने पर अपराधियों ने फायरिंग कर दी......पढ़िए आगे

जदयू नेता के भाई से लूट - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : जिले के करजा थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। पकड़ी पकोही पंचायत के बथना राम गांव में बाइक सवार अपराधियों ने जदयू (JDU) किसान प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष के भाई देवेश कुमार शर्मा को निशाना बनाया। लूटपाट के दौरान अपराधियों ने देवेश कुमार पर गोली भी चलाई, जिसमें वे बाल-बाल बच गए। इस दुस्साहसिक घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और स्थानीय लोगों में भय के साथ-साथ आक्रोश व्याप्त है।

मिली जानकारी के अनुसार, देवेश कुमार शर्मा अपने घर से मुजफ्फरपुर शहर के लिए निकले थे। जैसे ही वे पकड़ी पुल के समीप पहुँचे, पीछे से एक बाइक पर सवार दो नकाबपोश अपराधियों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया। अपराधियों ने लूटपाट की मंशा से उन पर हमला कर दिया और दहशत फैलाने के उद्देश्य से गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली देवेश कुमार को नहीं लगी और वे सुरक्षित रहे, लेकिन घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

अपराधी केवल गोलीबारी कर नहीं रुके, बल्कि उन्होंने देवेश कुमार शर्मा के गले से सोने की चैन छीन ली और हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी करजा थाना पुलिस को दी। सूचना के बाद पुलिस की टीम ने मौके पर पहुँचकर मामले की छानबीन शुरू की और घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया है, जो अपराधियों की दुस्साहस की पुष्टि करता है।

जदयू नेता के परिवार से जुड़े होने के कारण इस मामले ने राजनीतिक तूल भी पकड़ लिया है। पुलिस प्रशासन पर अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी का दबाव बढ़ गया है। पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और अपराधियों की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के हुलिए और बाइक के आधार पर सुराग जुटाए जा रहे हैं।

फिलहाल, करजा थाना पुलिस अपराधियों की धरपकड़ के लिए सघन छापेमारी कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर जिले की कानून-व्यवस्था और अपराधियों के मन से पुलिस के खौफ के दावों पर सवालिया निशान लगा दिया है। सुरक्षित माने जाने वाले इलाकों में दिनदहाड़े लूट और गोलीबारी की घटना ने आम नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है।

मणिभूषण की रिपोर्ट