Bihar News: NEET छात्रा मौत मामले पर मानवाधिकार आयोग का कड़ा रुख, पटना एसएसपी को जारी किया नोटिस

Bihar News: बिहार राज्य मानवाधिकार आयोग ने NEET छात्रा मौत मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए पटना के एसएसपी को नोटिस जारी किया है और आठ सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।

MUZAFFARPUR  : पटना में NEET की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले ने अब कानूनी मोर्चे पर गंभीर मोड़ ले लिया है। बिहार राज्य मानवाधिकार आयोग ने इस प्रकरण में स्वतः संज्ञान लेते हुए पटना के एसएसपी को नोटिस जारी किया है और आठ सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। यह कार्रवाई मानवाधिकार अधिवक्ता एस.के. झा द्वारा दायर याचिका पर की गई। आयोग ने मामले को ‘अतिगंभीर’ मानते हुए स्पष्ट किया है कि प्रथमदृष्टया सामने आए तथ्यों की गहन जांच आवश्यक है।

मृत छात्रा बिहार के जहानाबाद जिले की निवासी थी और पटना के मुन्नाचक, कंकड़बाग स्थित शम्भू गर्ल्स हॉस्टल में रहकर NEET की तैयारी कर रही थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद जो तथ्य सामने आए, उन्होंने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अधिवक्ता झा का कहना है कि शरीर पर चोटों के निशान और घटनास्थल की परिस्थितियाँ किसी जघन्य आपराधिक कृत्य की ओर संकेत करती हैं।

याचिका में मांग की गई है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच अवकाश-प्राप्त न्यायाधीश की निगरानी में कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। आयोग ने इस पर सुनवाई करते हुए पटना एसएसपी को तलब किया है।

मामले की अगली सुनवाई 22 अप्रैल को निर्धारित की गई है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस की रिपोर्ट में क्या तथ्य सामने आते हैं और जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है। यह प्रकरण न केवल एक छात्रा की मौत, बल्कि छात्रावासों की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक जवाबदेही पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा कर रहा है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा