शिक्षक दिवस पर कांटी विधायक ई. अजीत कुमार ने 7 विद्यालयों में किया शिलान्यास, 2 करोड़ से बनेंगे नए भवन

सात उच्च व माध्यमिक विद्यालयों में रखी गई अतिरिक्त भवनों की आधारशिला- फोटो : धीरज सिंह

Muzaffarpur : शिक्षक दिवस के अवसर पर कांटी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सह पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार ने क्षेत्रवासियों को बड़ी शैक्षणिक सौगात दी। विधायक ने कांटी एवं मड़वन प्रखंड के सात प्रमुख विद्यालयों में करीब दो करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अतिरिक्त विद्यालय भवनों का शिलान्यास किया। शिलान्यास समारोह के दौरान विद्यालयों के शिक्षकों, छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और स्थानीय ग्रामीणों ने विधायक का जोरदार स्वागत किया, जिससे पूरे परिसर में उत्सव का माहौल देखने को मिला।


सात उच्च व माध्यमिक विद्यालयों में रखी गई अतिरिक्त भवनों की आधारशिला

विधायक ई. अजीत कुमार ने मड़वन के गांधी जानकी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भटौना, राजकीयकृत उच्च विद्यालय बड़कागांव, उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय हरिदासपुर, उच्च माध्यमिक विद्यालय कांटी, डीपी गुप्ता प्रोजेक्ट बालिका विद्यालय कांटी, पीएम श्री राजकीयकृत हरि सिंह उच्च माध्यमिक विद्यालय छपरा तथा मेवालाल साह उच्च विद्यालय दामोदरपुर में निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इन अतिरिक्त भवनों के बन जाने से विद्यालयों में लंबे समय से चली आ रही कक्षाओं की कमी दूर हो जाएगी।


शिक्षा राष्ट्र विकास की आधारशिला, इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करना प्राथमिकता: ई. अजीत कुमार समारोह को संबोधित करते हुए विधायक ई. अजीत कुमार ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के समग्र विकास की सबसे मजबूत नींव है। छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए सरकारी विद्यालयों में बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त कमरों के निर्माण से विद्यार्थियों को भीड़-भाड़ से मुक्ति मिलेगी और उन्हें पढ़ाई के लिए एक सुगम तथा स्वच्छ शैक्षणिक वातावरण प्राप्त होगा।


शिक्षकों की भूमिका को सराहा, मूलभूत सुविधाएं बढ़ाने का दिया आश्वासन 

क्षेत्र के सरकारी शैक्षणिक संस्थानों के कायाकल्प का भरोसा दिलाते हुए विधायक ने कहा कि विद्यालयों में भवन, शौचालय, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जा रहा है। शिक्षक दिवस के मौके पर उन्होंने सभी गुरुजनों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि शिक्षक बच्चों के भविष्य को संवारकर उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनाते हैं। उन्होंने शिक्षकों से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अध्यापन कार्य करने का आह्वान किया।


प्रशासनिक अधिकारी और ग्रामीण रहे मौजूद, पहल का किया स्वागत 

इस अवसर पर मड़वन सीओ पुष्कल कुमार, कांटी बीडीओ सह प्रभारी बीईओ किशन चंद्रयान, स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षक और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों और अभिभावकों ने विधायक द्वारा की गई इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अतिरिक्त विद्यालय भवन बनने से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को दूर नहीं जाना पड़ेगा और इलाके की शिक्षा व्यवस्था को एक नई मजबूती मिलेगी।


धीरज सिंह की रिपोर्ट