मुजफ्फरपुर जमीन घोटाला ! निलंबित सीओ महेंद्र कुमार शुक्ला को पुलिस ने किया गिरफ्तार, भू-माफिया से मिलीभगत और 15 करोड़ की हेराफेरी का है आरोप

Bihar News : मुजफ्फरपुर पुलिस ने निलंबित सीओ को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी सीओ पर भू-माफियाओं से मिलीभगत कर करीब 15 करोड़ रुपये मूल्य की 70 डिसमिल जमीन की अवैध हेराफेरी करने का गंभीर आरोप है.....पढ़िए आगे

सीओ गिरफ्तार - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : मुजफ्फरपुर जिले के मुसहरी अंचल में हुए चर्चित जमीन घोटाले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए निलंबित अंचलाधिकारी (CO) महेंद्र कुमार शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया है। मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कांतेश कुमार मिश्रा ने गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि की है। आरोपी सीओ पर भू-माफियाओं से मिलीभगत कर करीब 15 करोड़ रुपये मूल्य की 70 डिसमिल जमीन की अवैध हेराफेरी करने का गंभीर आरोप है।

शुक्रवार को पुलिस ने निलंबित सीओ को पूछताछ के लिए बुलाया था। वरीय पुलिस अधिकारियों द्वारा कई घंटों तक की गई कड़ाई से पूछताछ के दौरान फर्जीवाड़े से जुड़े कई पुख्ता सबूत मिलने के बाद उन्हें हिरासत में लेकर विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। उल्लेखनीय है कि दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) में भारी अनियमितताओं की डीएम जांच रिपोर्ट के आधार पर राजस्व विभाग ने उन्हें पहले ही निलंबित कर सारण प्रमंडल मुख्यालय से संबद्ध कर दिया था।

आरोपी सीओ पर मृत व्यक्तियों के नाम से आपत्तियां स्वीकार करने, म्यूटेशन आवेदनों को जानबूझकर महीनों अटकाने और सूचना के अधिकार (RTI) के तहत जानकारियां न देने के गंभीर आरोप हैं। इसके अलावा, अहियापुर थाना क्षेत्र में लोजपा विधायक अमित रानू से जुड़े जमीन कब्जे के एक चर्चित मामले में भी विधायक और राजस्व कर्मचारी के साथ-साथ सीओ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।

फिलहाल पुलिस इस पूरे भू-माफिया रैकेट के तार खंगाल रही है और फर्जीवाड़े में शामिल अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों तथा बिचौलियों की भूमिका की गहन जांच में जुटी है। इस बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई से राजस्व महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।

मणिभूषण की रिपोर्ट