Bihar News : मुजफ्फरपुर में 'मिनी शराब फैक्ट्री' का पुलिस ने किया भंडाफोड़, मौके से संचालक को किया गिरफ्तार, आधा दर्जन से अधिक दर्ज हैं मामले
Bihar News : मुजफ्फरपुर में पुलिस ने मिनी शराब फैक्ट्री का उद्भेदन किया है. वहीँ पुलिस ने मौके से संचालक को गिरफ्तार किया है. जिसपर आधा दर्जन मामले में दर्ज है.....पढ़िए आगे
MUZAFFARPUR : होली के त्योहार से पहले शराब तस्करों के खिलाफ मुजफ्फरपुर पुलिस का 'ऑपरेशन क्लीन' तेज हो गया है। इसी कड़ी में औराई थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध देसी शराब की मिनी फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। पुलिस ने मौके से एक कुख्यात शराब तस्कर को दबोचा है, जो पहले से कई मामलों में वांछित था और जेल की हवा खा चुका था।
कब्रिस्तान नहीं, चैनपुर में चल रहा था 'सिस्टम'
वरिय पुलिस अधीक्षक (SSP) कांतेश कुमार मिश्रा को सूचना मिली थी कि औराई के चैनपुर गांव में अवैध शराब का निर्माण धड़ल्ले से चल रहा है। औराई थाना प्रभारी राजा सिंह ने टीम के साथ चैनपुर में राजेश राय के ठिकाने पर 'फिल्मी स्टाइल' में छापेमारी की। पुलिस ने मौके से शराब बनाने के पूरे सिस्टम को ध्वस्त कर दिया। यहाँ गैस सिलेंडर और चूल्हों के जरिए बड़े पैमाने पर शराब चुलाई जा रही थी।
भारी मात्रा में सामग्री और उपकरण जप्त
पुलिस की इस छापेमारी में 45 लीटर तैयार चुलाई शराब, दो गैस सिलेंडर और भारी मात्रा में शराब बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार तस्कर राजेश राय पर पहले से ही शराब तस्करी के आधा दर्जन (6) मामले दर्ज हैं। पुलिस की सख्ती के बावजूद वह फिर से होली पर सप्लाई के लिए अवैध फैक्ट्री का संचालन कर रहा था, जिसे पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया।
SSP का कड़ा रुख
मामले की पुष्टि करते हुए एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि जिलाधिकारी सुव्रत कुमार सेन के निर्देश पर उत्पाद विभाग और पुलिस संयुक्त रूप से विशेष अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि पकड़े गए आरोपी से कड़ी पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस धंधे में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस अब उन कड़ियों को जोड़ रही है जहाँ से कच्चा माल आता था और जहाँ शराब सप्लाई होनी थी।
होली पर 'ड्राय' रहेगा मुजफ्फरपुर
पुलिस और उत्पाद विभाग की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से शराब माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। थाना प्रभारी राजा सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई को स्थानीय स्तर पर बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि होली के दौरान किसी भी तरह की अवैध शराब की बिक्री या निर्माण करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
मणिभूषण की रिपोर्ट