Bihar Holi 2026: रंगों के त्योहार पर सख्ती का पहरा, पुलिस अलर्ट मोड में, हुड़दंगियों और अफवाहबाज़ों को खुली चेतावनी
Bihar Holi 2026: होली पर अमन चैन कायम रखने के लिए पुलिस पूरी तरह चौकन्नी और अलर्ट मोड में नजर आ रही है।...
Bihar Holi 2026: रंगों और मोहब्बत का त्योहार होली है, लेकिन अमन चैन कायम रखने के लिए पुलिस पूरी तरह चौकन्नी और अलर्ट मोड में नजर आ रही है।मुजफ्फरपुर में शहर से लेकर गांव तक पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाल कर साफ पैग़ाम दे दिया है कि होली की खुशियों में खलल डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने आम अवाम से अपील की है कि आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ होली मनाएं। अगर कोई शख्स हुड़दंग, बदअमनी या जबरन रंग लगाने जैसी हरकत करता है तो उसकी सूचना फौरन पुलिस को दें। अधिकारियों ने दो टूक लहजे में कहा है कि त्योहार की शांति भंग करने वालों को किसी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
खास तौर पर सोशल मीडिया पर नजर रखी जा रही है। अफवाह फैलाने, भड़काऊ पोस्ट डालने या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी निगरानी है। पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि अगर किसी ने फिज़ा खराब करने की कोशिश की तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए सीधे जेल भेजा जाएगा।
इस बार होली और रमजान का मुकद्दस महीना एक साथ पड़ रहा है, लिहाज़ा प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है। दंगा नियंत्रण फोर्स को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है। पुलिस लाइन मैदान में विशेष तैयारी और मॉक ड्रिल कराई गई है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बाजारों, चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में जाकर लोगों से अमन और भाईचारे का संदेश दिया। मस्जिदों और मंदिरों के आसपास भी सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं, ताकि दोनों पर्व पूरी रौनक और शांति के साथ संपन्न हों।
प्रशासन का साफ संदेश है होली का जश्न खुशियों और मोहब्बत का पैगाम दे, न कि नफरत और फसाद का। हुड़दंगियों और अफवाहबाज़ों को चेतावनी है कि कानून का शिकंजा कसने में देर नहीं लगेगी। इसलिए खुद भी सुकून से त्योहार मनाएं और दूसरों को भी चैन से मनाने दें।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा