मुजफ्फरपुर में नशे की बड़ी खेप पुलिस ने किया बरामद, ऑटो से दरभंगा ले जाई जा रही कोडीन सिरप की 3 कार्टन किया जब्त, तीन तस्करों को किया गिरफ्तार

Bihar News : होली से पहले मुजफ्फरपुर पुलिस ने भरी मात्रा में काफ सिरप बरामद किया है. वहीँ मौके से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है......पढ़िए आगे

काफ सिरप बरामद - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : जिले की गायघाट थाना पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक ऑटो से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीन सिरप की खेप बरामद की है। यह खेप मुजफ्फरपुर से दरभंगा ले जाई जा रही थी, जिसे पुलिस ने बीच रास्ते में ही दबोच लिया। इस मामले में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जिनसे पुलिस अब नेटवर्क के मुख्य सरगनाओं का पता लगाने में जुटी है।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि गायघाट थाना प्रभारी राजा सिंह को पुख्ता जानकारी मिली थी कि एक ऑटो के जरिए प्रतिबंधित कफ सिरप की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने दल-बल के साथ गायघाट थाना क्षेत्र के बेरुआ कट के पास घेराबंदी की। जैसे ही संदिग्ध ऑटो वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे रोककर सघन तलाशी ली। जांच के दौरान ऑटो से तीन कार्टन प्रतिबंधित कोडीन सिरप बरामद हुआ, जिसके बाद मौके पर ही तीन युवकों को हिरासत में ले लिया गया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मुजफ्फरपुर के सिकंदरपुर ओपी क्षेत्र निवासी आयुष कुमार और रवि कुमार के रूप में हुई है, जबकि तीसरा आरोपी पूर्वी चंपारण के कल्याणपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला रोहित कुमार बताया जा रहा है। पुलिस ने न केवल नशीली दवाओं को जब्त किया है, बल्कि तस्करी में इस्तेमाल किए गए ऑटो को भी अपने कब्जे में ले लिया है।

वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) कांतेस कुमार मिश्रा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि गायघाट पुलिस की मुस्तैदी से नशे के इस अवैध कारोबार पर प्रहार किया गया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कोडीन सिरप की यह खेप मुजफ्फरपुर में कहां से उठाई गई थी और दरभंगा में इसे किसे डिलीवर किया जाना था।

मुजफ्फरपुर पुलिस की इस कार्रवाई से अंतर-जिला नशा तस्करों के सिंडिकेट में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब इन तस्करों के पुराने आपराधिक इतिहास को भी खंगाल रही है। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आने वाले दिनों में ऐसे ठिकानों पर छापेमारी और तेज की जाएगी।

मणिभूषण की रिपोर्ट