Bihar News : मुजफ्फरपुर के अहियापुर बुलडोजर कांड में पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, 52 मकान-बाउंड्री तोड़ने का एक और आरोपी गिरफ्तार, कुल 8 पहुंचे जेल

Bihar News : मुजफ्फरपुर में 52 लोगो के बाउंड्री तोड़े जाने के मामले में आरोपी बनाए गए एक और आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. अबतक इस मामले में 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है......पढ़िए आगे

8 गिरफ्तार - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : जिले के अहियापुर थाना अंतर्गत भीखनपुर-उदनडीह में असामाजिक तत्वों द्वारा बड़े पैमाने पर की गई तोड़फोड़ के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के एक और नामजद आरोपी अभिषेक कुमार को अहियापुर इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। इस नई गिरफ्तारी के साथ ही इस चर्चित कांड में अब तक पकड़े गए आरोपियों की कुल संख्या 8 हो गई है।

क्या है पूरा मामला

गौरतलब है कि बीते 20 अगस्त को अहियापुर थाना क्षेत्र के झपहां-उदनडीह में दर्जनों बाइकों, थार और राजनीतिक पार्टी के झंडे लगी स्कॉर्पियो से 50 से अधिक की संख्या में दबंग पहुंचे थे। बदमाशों ने जमीन पर बनी चहारदीवारी और पक्के मकानों पर जेसीबी (JCB) चलाकर बड़े पैमाने पर तोड़फोड़ की थी। इस दुस्साहसिक वारदात में एक ही दिन में 52 लोगों की संपत्ति को गंभीर नुकसान पहुंचाया गया था।

29 मामले दर्ज 

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए अहियापुर थाने सहित मुजफ्फरपुर के विभिन्न थानों में अब तक कुल 29 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इससे पूर्व पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जेसीबी संचालक समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जिसके बाद अब 8वें आरोपी अभिषेक कुमार को दबोचा गया है।

सिटी एसपी का बयान

पूरे मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि अहियापुर में अवैध रूप से बाउंड्री और घर तोड़े जाने के मामले में नामजद आरोपी अभिषेक कुमार की गिरफ्तारी की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अदालत से वारंट लेने की प्रक्रिया पूरी कर रही है। न्यायालय से वारंट मिलते ही बाकी बचे सभी आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

मणिभूषण की रिपोर्ट