प्रतापपुर हत्या मामला: विधायक ई. अजीत कुमार ने की पीड़ित परिवार से मुलाकात, कहा- 'शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाए'

मुजफ्फरपुर में बीते शनिवार को भीड़ ने एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। रविवार को कांटी विधायक ई. अजीत कुमार ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका ढाढंस बधाया और न्याय दिलाने का आश्वासान दिया......

विधायक ई. अजीत कुमार ने की पीड़ित परिवार से मुलाकात- फोटो : धीरज सिंह

Muzaffarpur : जिले के प्रतापपुर में हुई एक हत्या की घटना के बाद उत्पन्न तनावपूर्ण स्थिति के बीच स्थानीय विधायक ई. अजीत कुमार रविवार की शाम सीधे घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस जघन्य हत्याकांड पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। 


विधायक ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिया है कि इस वारदात में शामिल किसी भी अभियुक्त को बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने पुलिस से मामले में संलिप्त अन्य फरार आरोपियों की जल्द से जल्द पहचान कर उनकी अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है।


मुख्यमंत्री को दी गई पूरी जानकारी, शांति बनाए रखने की अपील

विधायक अजीत कुमार ने मीडिया से बातचीत में बताया कि इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी मुख्यमंत्री को भी दे दी गई है। मुख्यमंत्री ने इस पर संज्ञान लेते हुए सभी क्षेत्रवासियों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। इसके साथ ही, प्रशासन को यह सख्त निर्देश दिया गया है कि वे घटना के हर एक पहलू की बारीकी से जांच करें और क्षेत्र में हर हाल में शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम रखें।


पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा, एसडीपीओ समेत कई गणमान्य रहे मौजूद

विधायक ने पुलिस-प्रशासन से पूरी तरह निष्पक्ष जांच करते हुए त्वरित कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया है ताकि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय मिल सके। उन्होंने परिवार को आश्वस्त किया कि दुख की इस घड़ी में वे पूरी तरह उनके साथ खड़े हैं। इस दौरान मौके पर सरैया की एसडीपीओ अभिजीत कौर, जेडीयू अध्यक्ष मो. शमीम, जाबिर हुसैन सहित कई अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।


धीरज सिंह की रिपोर्ट