Bihar News : नशे के कारोबार में ‘महिला तस्करों’ की बढ़ती धमक, मुजफ्फरपुर में काजल और पूजा के बाद पकड़ी गयी प्रियंका, 140 पुड़िया स्मैक बरामद

Bihar News : मुजफ्फरपुर में नशे के कारोबार में लगातार महिला तस्करों की गिरफ्तारी हो रही है. काजल और पूजा के बाद पुलिस ने प्रियंका को गिरफ्तार किया है.......पढ़िए आगे

महिला तस्करों की गिरफ़्तारी - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बाद लगातार पैर पसार रहे सूखे नशे के काले कारोबार पर मुजफ्फरपुर पुलिस ने चौतरफा शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मुजफ्फरपुर के पुलिस कप्तान कांतेश कुमार मिश्रा द्वारा सभी अधिकारियों और थाना प्रभारियों को नशे के इस जाल को पूरी तरह ध्वस्त करने का सख्त निर्देश दिया गया है। हालांकि, हालिया पुलिस कार्रवाइयों में एक के बाद एक महिला तस्करों की गिरफ्तारी ने सभी को चौंका दिया है। इस ट्रेंड से यह बड़ा सवाल खड़ा हो रहा है कि क्या नशीले पदार्थों की तस्करी में अब महिलाएं फ्रंट पर आ रही हैं।

140 पुड़िया स्मैक संग प्रियंका गिरफ्तार

पुलिस कप्तान के निर्देश पर नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत DIU (जिला आसूचना इकाई) और काजी मोहम्मदपुर थाना पुलिस की टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर मिल्की टोला क्षेत्र में संयुक्त छापेमारी कर प्रियंका कुमारी नामक एक महिला तस्कर को रंगेहाथ गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 140 पुड़िया स्मैक बरामद की गई है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार महिला से उसके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज को लेकर कड़ाई से पूछताछ कर रही है।

हाल की कार्रवाइयों में गिरफ्त में आईं तीन प्रमुख महिला तस्कर

नारकोटिक्स एसटीएफ पटना की सूचना पर तुर्की थाना पुलिस ने मधौल बाईपास के पास से काजल नामक युवती को उसके साथियों के साथ गिरफ्तार किया था। उसके पास से करीब 50 लाख रुपये मूल्य का मादक पदार्थ जब्त किया गया था, जिसे वह असम के सिलचर से किशनगंज के रास्ते मुजफ्फरपुर लाई थी और वैशाली सप्लाई करने की फिराक में थी। वहीँ सिकंदरपुर ओपी पुलिस ने पूजा देवी नाम की महिला को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया कि उसका पति बाहर से नशे की खेप लाकर उसे देता था, जिसके बाद वह स्थानीय स्तर पर खुद सप्लाई नेटवर्क संभालती थी। अब प्रियंका कुमारी काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के मिल्की टोला से 140 पुड़िया स्मैक के साथ पुलिस के हत्थे चढ़ी, जो इलाके में छोटे स्तर पर रिटेल सप्लाई का काम कर रही थी।

शराबबंदी के बाद नशे के नेटवर्क पर गहराता सवाल

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार में महिलाओं को घरेलू हिंसा और आर्थिक तबाही से बचाने के उद्देश्य से शराबबंदी लागू की थी। लेकिन अब मुजफ्फरपुर में एक के बाद एक महिला तस्करों की गिरफ्तारी ने सुरक्षा एजेंसियों और समाज दोनों के लिए चिंता बढ़ा दी है। ऐसा प्रतीत होता है कि पुलिस की नजरों से बचने के लिए तस्कर गिरोह अब महिलाओं को ढाल बनाकर स्मैक और अफीम जैसे सूखे नशे की तस्करी करा रहे हैं। फिलहाल मुजफ्फरपुर पुलिस का कहना है कि महिला हो या पुरुष, नशे के इस अवैध धंधे में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क को जड़ से उखाड़ फेंका जाएगा।

मणिभूषण की रिपोर्ट