मुजफ्फरपुर में बेखौफ अपराधियों का तांडव: आलू-प्याज कारोबारी के स्टाफ से हथियार के बल पर 3.18 लाख की लूट

मुजफ्फरपुर जिले में अपराधियों के हौसले काफी बुलंद हो गए है। उन्हें पुलिस और कानून का कोई भय नही रह गया है। बीते गुरुवार की रात बेखौफ अपराधियों ने एकबार अपने बेखौफी का परिचय देते लूट की बड़ी घटना के अंजाम दिया है.....

मुजफ्फरपुर में कारोबारी के मुंशी से 3.18 लाख की लूट- फोटो : मणिभूषण

Muzaffarpur : जिले में अपराधियों के हौसले काफी बुलंद हो गए हैं। बेखौफ अपराधियों ने जिले के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र चांदनी चौक के समीप गुरुवार की रात हथियार के बल पर बाजार समिति से लौट रहे आलू-प्याज कारोबारी के मुंशी से तीन लाख अठारह हजार रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से आसानी से फरार हो गए।


दुकान की बिक्री लेकर घर लौट रहा था मुंशी

पीड़ित कर्मी की पहचान सूर्यकांत साह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से देवरिया थाना क्षेत्र के धरफरी गांव के रहने वाले हैं। वर्तमान में वह ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के चांदनी चौक स्थित एक किराए के मकान में रहते हैं। पीड़ित ने बताया कि वह गुरुवार रात बाजार समिति स्थित दुकान को बंद करके अपने एक सहयोगी के साथ अलग-अलग बाइक से घर लौट रहे थे।


ओवरब्रिज के नीचे घेराबंदी कर दिया वारदात को अंजाम

चांदनी चौक ओवरब्रिज से नीचे उतरते ही तीन बाइक पर सवार होकर आए बदमाशों ने सूर्यकांत साह को चारों तरफ से घेर लिया। इसके बाद अपराधियों ने कनपटी पर हथियार सटाकर रुपयों से भरा बैग छीन लिया। बैग में दुकान की बिक्री के कुल 3,18,000 रुपये रखे हुए थे। लूटपाट के बाद सभी बदमाश भगवानपुर की तरफ तेजी से भाग निकले।


घटनास्थल की जांच में जुटी पुलिसखंगाले जा रहे CCTV फुटेज

शुक्रवार को पीड़ित द्वारा ब्रह्मपुरा थाने में घटना की लिखित सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विपिन रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की गहनता से जांच की। पुलिस आसपास की दुकानों और सड़कों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।


थानाध्यक्ष का बयान: जल्द होगा मामले का खुलासा

मामले की जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष विपिन रंजन ने बताया कि पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीम संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए अपराधियों के भागने के रूट को ट्रैक किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही लूट कांड का सफल खुलासा कर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


मणिभूषण की रिपोर्ट