Bihar Crime : मुजफ्फरपुर एसएसपी का अपराधियों को अल्टीमेटम, तीन कुख्यात फरार आरोपियों पर इनाम घोषित, संपत्ति होगी कुर्क

MUZAFFARPUR : जिले में अपराध पर लगाम लगाने के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) कांतेश कुमार मिश्रा अब पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गए हैं। एसएसपी ने अपराधियों को सख्त चेतावनी देते हुए साफ कर दिया है कि अपराध करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। फरार चल रहे अपराधियों के खिलाफ न केवल गिरफ्तारी की दबिश बढ़ाई गई है, बल्कि उनके घरों की कुर्की-जब्ती और अन्य कठोर कानूनी कार्रवाइयां भी सुनिश्चित की जा रही हैं।

फरार अपराधियों पर घोषित हुआ इनाम

एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तारी के डर से भागे हुए शातिर अपराधियों पर अब इनाम की राशि घोषित की गई है। पुलिस ने तीन मुख्य फरार आरोपियों—अंजनी ठाकुर (रजवाड़ा), मुकेश कुमार (कांटी) और अभिषेक राणा (करजा)—की गिरफ्तारी के लिए प्रति अपराधी पांच-पांच हजार रुपये का इनाम रखा है। पुलिस का मानना है कि इस कदम से आम जनता के सहयोग से इन अपराधियों तक पहुँचने में मदद मिलेगी।

विशेष अभियान के तहत कुर्की की कार्रवाई

जिले में बढ़ते अपराध के ग्राफ को कम करने के लिए एक तरफ विशेष छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है, तो दूसरी तरफ न्यायालय के आदेश पर फरार अपराधियों की संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है। एसएसपी ने कहा कि जो अपराधी कानून के सामने आत्मसमर्पण नहीं कर रहे हैं, उनके पास अब कोई विकल्प नहीं बचेगा। पुलिस की टीमें लगातार उनके ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गुप्त

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके पास इन तीन इनामी अपराधियों या अन्य किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी हो, तो वे तुरंत पुलिस को सूचित करें। एसएसपी ने भरोसा दिलाया है कि जानकारी देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी। इसका उद्देश्य पुलिस और पब्लिक के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है ताकि अपराधियों के नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सके।

इन थाना क्षेत्रों के मामलों में है तलाश

इनामी अपराधियों में मिठनपुरा थाना कांड संख्या 124/17 का आरोपी अंजनी ठाकुर, मिठनपुरा थाना कांड संख्या 121/24 का आरोपी मुकेश कुमार और करजा थाना कांड संख्या 45/25 का आरोपी अभिषेक राणा शामिल है। इन सभी पर गंभीर आपराधिक वारदातों को अंजाम देने का आरोप है। पुलिस ने इन संबंधित थानों को अलर्ट कर दिया है और विशेष टीमों का गठन कर उनकी गिरफ्तारी के लिए जाल बिछा दिया है। 

मणिभूषण की रिपोर्ट