Bihar News : मुजफ्फरपुर में फिर गरजा सम्राट चौधरी का बुलडोजर, हत्या के आरोपी के घर पुलिस ने की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई

Bihar News : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में यूपी मॉडल तर्ज पर एक बार फिर पुलिसिया कार्रवाई देखने को मिली है।

आरोपी के घर चला बुलडोजर - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में यूपी मॉडल तर्ज पर एक बार फिर पुलिसिया कार्रवाई देखने को मिली है। हत्या के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों के खिलाफ अदालत से आदेश मिलने के बाद पुलिस ने उनके घर पर बुलडोजर चलाकर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की है। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से इलाके के अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र का मामला

यह पूरी कार्रवाई मुजफ्फरपुर जिले के सिवाईपट्टी थाने की पुलिस द्वारा की गई है। सिवाईपट्टी थाना कांड संख्या 10/26 (जनवरी 2026 में दर्ज हत्या का मामला) में पुलिस आरोपियों की लगातार तलाश कर रही थी। हालांकि, गिरफ्तारी के डर से नामजद आरोपी उमेश कुमार और दिलीप कुमार लगातार फरार चल रहे थे। आरोपियों द्वारा आत्मसमर्पण न करने पर माननीय न्यायालय द्वारा उनके घर की कुर्की-जब्ती का आदेश निर्गत किया गया।

भारी पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में हुई कार्रवाई

न्यायालय से कुर्की का आदेश मिलते ही सिवाईपट्टी थाने की पुलिस भारी पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की निगरानी में आरोपियों के ठिकाने पर पहुंची और बुलडोजर की मदद से घर की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई को अंजाम दिया।

एसडीपीओ ईस्ट-1 अलय वत्स का बयान

मामले की जानकारी देते हुए एसडीपीओ ईस्ट-1 अलय वत्स ने बताया, "जनवरी 2026 में सिवाईपट्टी थाने में हत्या से संबंधित मामला दर्ज किया गया था। इसमें आरोपी उमेश कुमार और दिलीप कुमार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी, लेकिन वे फरार थे। न्यायालय के निर्देश पर आज मजिस्ट्रेट और अतिरिक्त पुलिस बल की मौजूदगी में आरोपियों के घर की विधिवत कुर्की-जब्ती की गई है।"

मणिभूषण की रिपोर्ट