Bihar Crime: मुजफ्फरपुर में रहस्यमयी मौत का मातम, चार महीने पहले हुई शादी का दर्दनाक अंत, पति-पत्नी अलग-अलग कमरों में फंदे से झूलते मिले, जांच में जुटी पुलिस
Bihar Crime: एक हंसता-खेलता नवविवाहित रिश्ता अचानक मौत की खामोशी में बदल गया। ...
Bihar Crime: एक हंसता-खेलता नवविवाहित रिश्ता अचानक मौत की खामोशी में बदल गया। मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र के नरियार गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक नवविवाहित दंपति का शव घर के अलग-अलग कमरों में फंदे से झूलता मिला। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है।
मृतकों की पहचान सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के हरशेर गांव निवासी 21 वर्षीय विजय कुमार और उनकी 18 वर्षीय पत्नी अंजली कुमारी के रूप में हुई है। दोनों की शादी महज चार महीने पहले हुई थी। शादी के बाद पहली बार करीब 15 दिन पहले अंजली अपने मायके नरियार गांव आई थी।जानकारी के अनुसार, पति विजय कुमार अपनी पत्नी को विदा कराकर घर ले जाने के लिए ससुराल पहुंचा था। घर में दोनों पति-पत्नी मौजूद थे, जबकि अंजली के मायके वाले बेटी की विदाई की तैयारी के लिए सामान खरीदने बाजार चले गए थे।लेकिन जब परिजन बाजार से वापस लौटे तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घर के अंदर बेटी और दामाद के शव फंदे से झूलते मिले। बताया जा रहा है कि दोनों के शव अलग-अलग कमरों में मिले, जिसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। देखते ही देखते पूरे गांव में यह खबर आग की तरह फैल गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। किसी को समझ नहीं आ रहा कि आखिर ऐसी नौबत क्यों आई।मामले की सूचना तुरंत मोतीपुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई और वजह छिपी हुई है।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जांच के दौरान परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही दोनों के वैवाहिक जीवन, आपसी संबंध और घटना से पहले की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर चार महीने पहले शुरू हुआ वैवाहिक जीवन इतनी जल्दी मौत के अंधेरे में कैसे बदल गया। पति-पत्नी के एक साथ फंदे से मिलने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।फिलहाल पुलिस मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर ही मौत की असली वजह सामने आने की उम्मीद है। वहीं, इस दर्दनाक घटना के बाद नरियार गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा