Snake in Train:स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के AC कोच में रेंगता दिखा सांप, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

Snake in Train: जयनगर से नई दिल्ली जा रही स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ट्रेन के AC-2 कोच में यात्रियों ने सांप को रेंगते हुए देख लिया।...

AC कोच में रेंगता दिखा सांप- फोटो : reporter

Snake in Train: मुजफ्फरपुर: जयनगर से नई दिल्ली जा रही स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ट्रेन के AC-2 कोच में यात्रियों ने सांप को रेंगते हुए देख लिया। सांप नजर आते ही कोच में बैठे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी और दहशत का माहौल कायम हो गया। घबराए यात्रियों ने तत्काल पूरे मामले की इत्तिला रेल विभाग को दी, जिसके बाद रेलवे महकमा हरकत में आया।

बताया गया कि जयनगर से ट्रेन के रवाना होने के बाद समस्तीपुर पहुंचने तक यात्रियों की नजर कोच में सांप पर पड़ी। इसके बाद यात्रियों में खौफ फैल गया। कई यात्री अपनी सीटों से उठकर सुरक्षित जगह की तलाश करने लगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए रेल विभाग ने ट्रेन को मुजफ्फरपुर स्टेशन पहुंचने पर रोककर कार्रवाई शुरू की।

ट्रेन के मुजफ्फरपुर पहुंचते ही RPF और GRP की टीम ने AC-2 कोच की गहन तलाशी ली। काफी देर तक खोजबीन के बावजूद कोच में सांप कहीं नहीं मिला। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रेलवे ने संबंधित AC-2 कोच को ट्रेन से अलग कर उसकी जगह दूसरा कोच लगाया। इसके बाद सभी यात्रियों को नए कोच में शिफ्ट कराया गया और ट्रेन को गंतव्य नई दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया।इस पूरी कवायद के चलते स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस करीब एक घंटे तक मुजफ्फरपुर स्टेशन पर खड़ी रही। इस दौरान यात्रियों के चेहरे पर सांप को लेकर खौफ साफ नजर आया।

जीआरपी प्रभारी ने बताया कि रेल विभाग से AC-2 कोच में सांप देखे जाने की सूचना मिली थी। मुजफ्फरपुर में कोच की जांच कराई गई, लेकिन तलाशी के दौरान सांप नहीं मिला। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए कोच बदलकर ट्रेन को रवाना कर दिया गया।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा