Bihar Police: इंस्पेक्टर से बदतमीजी पड़ी भारी, SSP का सख्त एक्शन, दरोगा को किया सस्पेंड

Bihar Police: बिहार में अपने ही वरीय अधिकारी के साथ बदतमीजी करना एक दरोगा को इतना महंगा पड़ गया कि उसे अपनी कुर्सी से हाथ धोना पड़ा।..

इंस्पेक्टर से बदतमीजी पड़ी भारी- फोटो : reporter

Bihar Police: बिहार में पुलिस महकमे के अंदर एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पूरे विभाग में हलचल मचा दी है। अपने ही वरीय अधिकारी के साथ बदतमीजी करना एक दरोगा को इतना महंगा पड़ गया कि उसे अपनी कुर्सी से हाथ धोना पड़ा। मामले में सख्त रुख अपनाते हुए मुजफ्फरपुर के  वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने बदतमीज दरोगा पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया और पुलिस लाइन हाजिर होने का फरमान सुना दिया।

दरअसल पूरा मामला मुजफ्फरपुर जिले के कटरा अंचल से जुड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि बीते दिनों कटरा अंचल के इंस्पेक्टर ने एक लिखित शिकायत दी थी, जिसमें हथौड़ी थाना प्रभारी देवेंद्र चौधरी पर गंभीर आरोप लगाए गए थे। इंस्पेक्टर का कहना था कि थाना प्रभारी ने उनके साथ बेहद अभद्र और अपमानजनक तरीके से पेश आकर बदतमीजी की। पुलिस महकमे में वरीय अधिकारियों के साथ इस तरह का बर्ताव अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है, इसलिए शिकायत मिलते ही मामला काफी संगीन हो गया।

जैसे ही यह आवेदन आला अफसरों तक पहुंचा, तिरहुत रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) चंदन कुशवाहा ने तुरंत मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने का निर्देश मुजफ्फरपुर के SSP कांतेश कुमार मिश्रा को दिया। इसके बाद पुलिस प्रशासन में हलचल तेज हो गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई।

जांच के बाद जब आरोपों को गंभीर पाया गया तो SSP ने बिना देर किए सख्त एक्शन लिया। हथौड़ी थाना प्रभारी देवेंद्र चौधरी को तत्काल प्रभाव से उनके पद से हटाते हुए पुलिस लाइन बुला लिया गया। साथ ही थाना की जिम्मेदारी नए प्रभारी को सौंप दी गई। हथौड़ी थाना में अब नए थाना प्रभारी के तौर पर सत्यनारायण शर्मा की नियुक्ति कर दी गई है।

इस पूरे मामले को लेकर पुलिस विभाग की ओर से प्रेस विज्ञप्ति भी जारी की गई, जिसमें बताया गया कि कटरा अंचल के इंस्पेक्टर द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर जांच की गई थी। जांच के बाद अनुशासनहीनता और बदतमीजी के आरोपों को गंभीर मानते हुए यह कार्रवाई की गई है।

पुलिस महकमे में इस कार्रवाई के बाद साफ संदेश दिया गया है कि विभाग में अनुशासन से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। चाहे कोई भी अधिकारी क्यों न हो, अगर वह अपने वरीय अफसरों के साथ बदतमीजी करेगा तो उस पर सख्त कार्रवाई तय है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा