Bihar News : हाथों की मेहंदी सूखने से पहले ही ससुराल को दे गई दगा नवविवाहिता, शादी के 5 दिन बाद गहने और कैश लेकर प्रेमी संग हुई फरार

Bihar News : शादी के महज 5 दिनों के बाद अपने ससुराल से मायके पहुंची युवती घर से कैश और जेबरात लेकर पड़ोस के युवक के साथ फरार हो गई. दूल्हा अब हाथ मलते रह गया है....पढ़िए आगे

पति को छोड़ प्रेमी संग फरार - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां हाथों की मेहंदी का रंग अभी पूरी तरह छूटा भी नहीं था कि एक नवविवाहिता अपने पति को दगा दे गई। शादी के महज पांच दिनों के बाद ससुराल से मायके लौटी युवती, घर में रखे लाखों के जेवरात और नकदी समेटकर पड़ोस के ही एक युवक के साथ रफूचक्कर हो गई। इस घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है। अब पीड़ित मां ने औराई थाने में न्याय की गुहार लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए लिखित आवेदन दिया है।

धूमधाम से हुई थी शादी, विदाई की खुशी के बीच काजल ने रच दी बड़ी साजिश

पूरा मामला औराई थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव का है। यहां के निवासी सोमन सिंह ने बीते 13 मई को पूरे धूमधाम और रीति-रिवाज के साथ अपनी 19 वर्षीय पुत्री काजल कुमारी की शादी सीतामढ़ी जिले के डुमरा निवासी बिट्टू राय के साथ की थी। शादी के बाद परिजनों ने नम आंखों से बेटी को विदा किया और दांपत्य जीवन की शुरुआत पर घर में खुशी का माहौल था। शादी के चार दिनों बाद, तय परंपरा के अनुसार परिजनों ने 17 मई को अपनी बेटी और दामाद को ससुराल से वापस मायके (चौथारी) बुलाया। लेकिन किसी को नहीं पता था कि काजल के दिमाग में कुछ और ही चल रहा था।

परिजन गए थे रिश्तेदार के घर, सूना मौका देख प्रेमी रोहित मुखिया संग हुई फरार

मायके आने के अगले ही दिन, यानी 18 मई को जब युवती के माता-पिता और अन्य परिजन किसी आवश्यक कार्य से अपने एक रिश्तेदार के घर गए हुए थे, तभी काजल को सूना घर मिल गया। उसने अलमारी में रखे नकदी और कीमती जेवरातों को समेटा और अचानक घर से लापता हो गई। शाम को जब परिजन वापस लौटे तो बेटी को गायब देख उनके होश उड़ गए। काफी खोजबीन और रिश्तेदारों में पूछताछ के बाद भी जब काजल का कहीं सुराग नहीं मिला, तो परिजनों को पता चला कि उनके पड़ोस में रहने वाला युवक रोहित मुखिया भी उसी दिन से गायब है।

घर से महज 500 मीटर की दूरी पर था प्रेमी का घर, परिजन भांप चुके थे प्रेम प्रसंग

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, काजल कुमारी का अपने ही पड़ोस के रहने वाले युवक रोहित मुखिया के साथ काफी लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के घरों की आपसी दूरी महज 500 मीटर है। इस लव अफेयर की भनक युवती के परिजनों को पहले ही लग चुकी थी, जिसके बाद उन्होंने आनन-फानन में काजल की मर्जी के खिलाफ जाकर उसकी शादी सीतामढ़ी में तय कर दी थी। काजल इस शादी से बिल्कुल भी खुश नहीं थी और उसने मायके आते ही अपने प्रेमी के साथ भागने का खतरनाक कदम उठा लिया।

मां ने लगाया बेटी के अपहरण का आरोप

पुलिसिया कार्रवाई: इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद युवती की मां ने औराई थाने में आवेदन देकर पड़ोस के युवक रोहित मुखिया और उसके परिजनों पर अपनी बेटी के अपहरण का गंभीर आरोप लगाया है। मामले की पुष्टि करते हुए औराई थाना प्रभारी हेमलता कुमारी ने बताया कि परिजनों की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस ने सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मोबाइल लोकेशन और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर प्रेमी जोड़े की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

मणिभूषण की रिपोर्ट