Bihar News : मुजफ्फरपुर में बड़ा हादसा, बाया नदी में नहाने के दौरान डूबने से 3 किशोरों की हुई दर्दनाक मौत, एक ने तैरकर बचाई जान

Bihar News : मुजफ्फरपुर के बाया नदी में डूबने से तीन किशोरों की मौत हो गयी. इस घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है.......पढ़िए आगे

तीन किशोरों की मौत - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र स्थित बैद्यनाथपुर में शनिवार को एक अत्यंत दुखद घटना सामने आई है, जहां बाया नदी में नहाने गए तीन किशोरों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में साहेबगंज नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या 8 के निवासी अमृत (14 वर्ष), साहिल (12 वर्ष) और मोहम्मद रेहान (13 वर्ष) शामिल हैं।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, बैद्यनाथपुर शिव मंदिर के समीप बाया नदी में चारों बच्चे एक साथ नहाने गए थे। नहाने के क्रम में ही चारों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। इस दौरान एक बच्चे ने सूझबूझ और किसी तरह तैरकर अपनी जान बचा ली, लेकिन बाकी तीन बच्चे गहरे पानी में समा गए।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और गोताखोरों ने नदी में छलांग लगाकर तीनों डूबे बच्चों को बाहर निकाला और आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल ले गए। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद तीनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।

एक ही इलाके के तीन बच्चों की अचानक हुई मौत से पूरे साहेबगंज नगर क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और परिजनों में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तथा पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने मामले की सूचना मिलने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

मणिभूषण की रिपोर्ट