Bihar Flood: नेपाल की बारिश से गंडक उफनी, मुजफ्फरपुर में टूटा तिरहुत नहर का तटबंध, डर के मारे भाग रहे लोग

Bihar Flood: तिरहुत नहर का तटबंध टूट गया। तटबंध टूटते ही नहर का पानी तेजी से गांव की ओर बढ़ने लगा।...

नेपाल की बारिश से गंडक उफनी- फोटो : reporter

Bihar Flood: नेपाल में हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब बिहार की नदियों और नहरों पर साफ दिखाई देने लगा है। गंडक नदी में जलस्तर बढ़ने के बीच करीब चार लाख क्यूसेक पानी आने की संभावना जताई जा रही है। इस बीच मुजफ्फरपुर जिले से नहर का तटबंध टूटने की खबर ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

मुजफ्फरपुर के मड़वन प्रखंड में रक्सा दक्षिणी के समीप तिरहुत नहर का तटबंध टूट गया। तटबंध टूटते ही नहर का पानी तेजी से रक्सा गांव की ओर बढ़ने लगा। पानी के तेज बहाव के कारण आसपास के इलाकों में अफरातफरी का माहौल बन गया है। ग्रामीणों को आशंका है कि अगर पानी का बहाव इसी तरह बढ़ता रहा तो निचले इलाकों में भी जलजमाव की स्थिति पैदा हो सकती है।

तटबंध टूटने के कारण रक्सा दक्षिणी और रक्सा डीह के बीच आवागमन बाधित हो गया है। रास्ते पर पानी फैलने से लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और हालात का जायजा लिया।

स्थानीय लोगों ने तटबंध टूटने और पानी के तेजी से बढ़ने की सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी है। ग्रामीणों की नजर अब प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते पानी के बहाव को नियंत्रित नहीं किया गया तो आसपास के रिहायशी इलाकों में मुश्किल बढ़ सकती है।

नेपाल में लगातार बारिश के कारण बिहार की नदियों में पानी बढ़ने का सिलसिला पहले से ही जारी है। ऐसे में गंडक में संभावित बड़े जलप्रवाह के बीच नहर का तटबंध टूटना स्थानीय स्तर पर नया संकट पैदा कर सकता है। प्रशासन के सामने फिलहाल तटबंध की मरम्मत, पानी के बहाव को नियंत्रित करने और प्रभावित रास्ते पर लोगों की आवाजाही सुरक्षित रखने की चुनौती है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा