Bihar Crime:पूजा पंडाल से गायब हुईं दो मासूम बहनें, 24 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग, परिवार में मातम जैसा माहौल

Bihar Crime: पूजा देखने निकली दो नाबालिग चचेरी बहनें रहस्यमय तरीके से लापता हो गईं। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और बेचैनी का माहौल है।

Muzaffarpur:  जिले के रामपुरहरी थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पूजा देखने निकली दो नाबालिग चचेरी बहनें रहस्यमय तरीके से लापता हो गईं। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और बेचैनी का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। बताया जा रहा है कि मामला मकसूदपुर पंचायत का है। यहां घर के बगल में आयोजित पूजा कार्यक्रम को देखने के लिए दोनों बच्चियां घर से निकली थीं, लेकिन फिर वापस नहीं लौटीं। देखते ही देखते घंटों बीत गए, मगर दोनों बहनों का कोई सुराग नहीं मिला।

परिजनों ने पहले अपने स्तर से रिश्तेदारों, आसपास के गांवों और जान-पहचान वालों के यहां खोजबीन की, लेकिन जब 24 घंटे बीत जाने के बाद भी बच्चियों का कोई पता नहीं चला तो परिवार के बीच किसी अनहोनी की आशंका गहराने लगी। जानकारी के मुताबिक एक बच्ची की उम्र करीब 11 साल जबकि दूसरी की उम्र लगभग 7 साल बताई जा रही है। 

इतनी छोटी बच्चियों के अचानक गायब होने से पूरा परिवार सदमे में है। गांव के लोग भी इस घटना को लेकर सहमे हुए हैं। पीड़ित परिवार ने आखिरकार रामपुरहरी थाना पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत पुलिस को दी है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

रामपुरहरी थाना प्रभारी ने बताया कि दो नाबालिग चचेरी बहनों के लापता होने की सूचना मिली है। परिजनों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। आसपास के इलाकों में तलाश अभियान भी चलाया जा रहा है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर दोनों मासूम बहनें पिछले 24 घंटे से कहां हैं? क्या वे किसी साजिश का शिकार हुईं या फिर किसी और वजह से गायब हैं? इन तमाम सवालों के जवाब अब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा