Bihar Road Accident : मुजफ्फरपुर में अवैध पार्किंग का कहर, अनियंत्रित ट्रक ने ली 30 वर्षीय युवक की जान, चार साल पहले हुई थी शादी
Bihar Road Accident : एक बार फिर मुजफ्फरपुर जिले के कच्ची पक्की चौक पर खड़े अवैध रूप से ऑटो और एक अनियंत्रित ट्रक ने एक हंसते खेलते परिवार के चिराग़ को बुझा दिया....जानिए क्या है पूरा मामला
MUZAFFARPUR : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में सड़कों पर होने वाली अवैध ऑटो पार्किंग और यातायात नियमों की अनदेखी एक बार फिर एक मासूम परिवार पर भारी पड़ गई है। आए दिन होने वाले इन सड़क हादसों में अब तक कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद न तो स्थानीय पुलिस और न ही ट्रैफिक पुलिस इस गंभीर समस्या पर कोई ठोस कदम उठा रहा है। प्रशासन की इस लापरवाही का खामियाजा आम जनता को अपनी जान देकर भुगतना पड़ रहा है।
सड़क तंत्र की इसी बदहाली के कारण आज मुजफ्फरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के कच्ची पक्की चौक पर एक बेहद दर्दनाक हादसा हुआ। इस दुर्घटना ने एक हंसते-खेलते परिवार के चिराग को हमेशा के लिए बुझा दिया। मृतक की पहचान 30 वर्षीय बाबुल कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बरियारपुर ओपी क्षेत्र के गोपालपुर का निवासी था। वर्तमान में वह कच्ची पक्की क्षेत्र के धर्मादय नगर में अपने परिवार के साथ रह रहा था।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि बाबुल कुमार किसी घरेलू काम से कच्ची पक्की चौक पर गया था। काम निपटाकर जब वह वापस अपने घर की ओर लौट रहा था, तभी चौक पर अवैध रूप से खड़े एक ऑटो ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाबुल अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर गिर गया। इससे पहले कि वह संभल पाता और सड़क से उठ पाता, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कंटेनर ट्रक ने उसे कुचल दिया। इस हादसे में मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
इस असमय मौत की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। रो-रोकर परिजनों का बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि बाबुल कुमार की शादी महज चार साल पहले हुई थी और उसकी ढाई साल की एक मासूम बेटी है। वह बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर न सिर्फ अपनी आगे की पढ़ाई का खर्च उठा रहा था, बल्कि अपने पूरे परिवार का भरण-पोषण भी करता था। उसकी मौत के बाद पत्नी और मासूम बच्ची के सिर से कमाऊ सदस्य का साया हमेशा के लिए उठ गया है।
स्थानीय निवासियों में इस घटना को लेकर प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि कच्ची पक्की चौक पर अवैध रूप से गाड़ियों और ऑटो का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। जब भी कोई बड़ा हादसा होता है, तो पुलिस महज दो-चार दिनों के लिए सक्रियता दिखाती है, लेकिन इसके बाद स्थिति फिर जस की तस हो जाती है। सड़क के दोनों ओर बसों और ऑटो की लंबी कतारें लगी रहती हैं, जिसे देखने वाला कोई नहीं है।
मणिभूषण की रिपोर्ट