महादलित बस्ती का रास्ता रोकने पर बवाल : पुलिस के सामने ही भिड़े दो पक्ष, जमकर चले धारदार हथियार

मुजफ्फरपुर में दबंगों द्वारा महादलित समुदाय के लोगों का मुख्य रास्ता जबरन अवरुद्ध किया जा रहा था, जिसको लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई और फिर मामला उग्र हो गया। स्थिति यह हो गई कि पुलिस के सामने ही दोनो पक्षों के ओर से जमकर मारपीट हुई....

मुजफ्फरपुर में पुलिस के सामने भिड़े दो पक्ष- फोटो : मणिभूषण

Muzaffarpur : जिले के सकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर कृष्णा पंचायत के हरिपुर कृष्णा गांव में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब महादलित बस्ती का रास्ता बंद करने को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। गांव के ही दबंगों द्वारा महादलित समुदाय के लोगों का मुख्य रास्ता जबरन अवरुद्ध किया जा रहा था, जिसको लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई और फिर मामला उग्र हो गया।


पुलिस की मौजूदगी में शुरू हुई मारपीट, महिलाओं पर धारदार हथियार से हमला

घटना की सूचना मिलते ही स्थिति संभालने और जांच करने के लिए सकरा थाने और डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस की मौजूदगी में ही दूसरे पक्ष के लोगों ने महादलित समाज के लोगों पर हमला कर दिया। इस दौरान महिलाओं के साथ जमकर मारपीट की गई और धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने का आरोप भी सामने आया है।


मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, कई लोग घायल

घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें महादलित समाज की महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस के सामने हुई इस हिंसक झड़प का वीडियो किसी ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।


एक महिला समेत तीन पर नामजद प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन

घायल महिला द्वारा सकरा थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई गई है। शिकायत पत्र में गांव के ही रजनीश कुमार, पीयूष कुमार और सुशीला देवी को नामजद किया गया है। आरोप है कि ये लोग अक्सर महादलित बस्ती का रास्ता रोक देते हैं। शनिवार को जब विरोध जताया गया, तो आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला बोला और जातिसूचक गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी।


आवेदन मिलने की पुष्टि, जांच के बाद होगी कड़ी कार्रवाई: थानाध्यक्ष

इस पूरे मामले पर सकरा थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से आवेदन प्राप्त हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया था। पुलिस पूरे मामले और वायरल वीडियो की गहनता से जांच कर रही है। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


मणिभूषण की रिपोर्ट