पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, दोनो ओर से कई लोग घायल
मुजफ्फरपुर जिले में पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट की घटना सामने आई है। इस घटना में दोनो ओर से कई लोग के घायल होने की सूचना है। थाने में दोनो पक्षों की ओर से मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले की जांच मे जुटी है....
Muzaffarpur : जिले के हथौड़ी थाना क्षेत्र के नरहर गांव में रविवार सुबह पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर खूनी संघर्ष हुआ। इस दौरान लाठी-डंडों के साथ-साथ धारदार हथियारों के इस्तेमाल की भी बात सामने आई है, जिसमें दोनों पक्षों के कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है।
घर में घुसकर मारपीट और जानलेवा हमले का आरोप
मामले को लेकर पीड़ित सरोज कुमार ने हथौड़ी थाने में लिखित आवेदन दिया है। आवेदन में संजय सहनी समेत उसके परिवार के आठ लोगों पर घर में घुसकर जान से मारने की नियत से हमला करने का गंभीर आरोप लगाया गया है। पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने उसकी मां के सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया, हालांकि वह बाल-बाल बच गईं। इसके बाद आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की।
डायल-112 की टीम ने पहुंचकर संभाला मोर्चा, सीएचसी बोचहाँ में हुआ घायलों का इलाज
घटना से घबराए पीड़ित ने तुरंत अपनी और परिवार की रक्षा के लिए डायल-112 को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और बीच-बचाव करते हुए स्थिति को किसी तरह नियंत्रित किया। इस हिंसक झड़प में घायल हुए पीड़ित और उसके परिवार के अन्य सदस्यों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बोचहाँ ले जाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया।
नकदी और आभूषण लूटने का भी आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच
सरोज कुमार ने अपने आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि नामजद आरोपियों में से तीन लोगों ने घर में घुसकर बक्से में रखे नकदी और कीमती आभूषण भी लूट लिए। इस पूरे मामले पर हथौड़ी थानेदार सत्यनारायण शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को दोनों पक्षों की ओर से आवेदन प्राप्त हो चुका है। पुलिस वीडियो फुटेज और मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की बारीकी से जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
मणिभूषण की रिपोर्ट