Bihar Train accident:बिहार में टला बड़ा ट्रेन हादसा, रेल ट्रैक पर मचा हड़कंप! 4 डिब्बे पटरी से उतरे, कई ट्रेनों की रफ्तार थमी, फाटकों पर लगा लंबा जाम

Bihar Train accident: नालंदा जिले के हिलसा रेलवे स्टेशन के पास सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक खाली मालगाड़ी की चार बोगियां अचानक पटरी से उतर गईं।....

बिहार में टला बड़ा ट्रेन हादसा,- फोटो : social Media

Bihar Train accident: नालंदा जिले के हिलसा रेलवे स्टेशन के पास सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक खाली मालगाड़ी की चार बोगियां अचानक पटरी से उतर गईं। हादसे के बाद रेल परिचालन बुरी तरह प्रभावित हो गया, जबकि हिलसा-चिकसौरा मार्ग समेत कई रेलवे फाटकों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी यात्री या रेलकर्मी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, खाली मालगाड़ी फतुहा से नटेसर की ओर जा रही थी। हिलसा स्टेशन में प्रवेश के दौरान अचानक उसके चार डिब्बे बेपटरी हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन प्रशासन ने तुरंत कंट्रोल रूम को जानकारी दी, जिसके बाद जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने लगी।

हादसे के बाद इस रेलखंड पर ट्रेनों की आवाजाही बाधित हो गई। दिल्ली-इस्लामपुर मगध एक्सप्रेस, पटना-इस्लामपुर पैसेंजर और इस्लामपुर-हटिया ट्रेन सहित कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ। रेलवे अधिकारियों ने रूट को जल्द बहाल करने के लिए पटना से राहत एवं तकनीकी टीम को मौके पर रवाना कर दिया है। मौके पर मौजूद टीआई कुंदन कुमार ने बताया कि घटना के समय मालगाड़ी की रफ्तार करीब 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा थी। आखिर किन कारणों से बोगियां पटरी से उतरीं, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल तकनीकी विशेषज्ञ ट्रैक और बोगियों की जांच में जुटे हैं।

रेल हादसे का असर सिर्फ रेलवे तक सीमित नहीं रहा। पटरी पर बोगियां फंस जाने के कारण हिलसा-चिकसौरा मार्ग और आसपास के रेलवे फाटकों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कई लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ा। बाद में जब लोगों को मार्ग बाधित होने की जानकारी मिली तो उन्होंने वैकल्पिक बाईपास मार्ग का सहारा लेकर अपने गंतव्य की ओर रुख किया। रेलवे प्रशासन ने ट्रैक से बेपटरी हुई बोगियों को हटाने और परिचालन सामान्य करने का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए जल्द से जल्द रेल सेवा बहाल करने की कोशिश की जा रही है। हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।

रिपोर्ट- राज पाण्डेय