पुरानी रंजिश में लाठी-डंडे से पीटकर 60 वर्षीय महिला की हत्या, गांव में तनाव

नालंदा जिले में एक बुजुर्ग महिला की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई है। घटना अस्थावां थाना क्षेत्र के शाहबाजपुर गांव की है। घटना के पीछे तीन साल पुराना विवाद बताया जा रहा है.....

60 वर्षीय महिला की पीटकर हत्या- फोटो : राज

Nalanda : जिले के अस्थावां थाना क्षेत्र के शाहबाजपुर गांव में आपसी विवाद और पुरानी रंजिश के चलते एक 60 वर्षीय महिला की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका की पहचान रामाश्रय पासवान की पत्नी जया देवी के रूप में हुई है। इस जघन्य वारदात के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है तथा गांव में तनाव का माहौल व्याप्त है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।


तीन साल पहले दर्ज दुष्कर्म के मामले को लेकर चल रहा था विवाद, पंचायत से भी नहीं सुलझ सका मामला

मृतका के भाई राजकुमार पासवान और बहू संगीता देवी ने पुलिस को बताया कि करीब तीन साल पहले महिला के मंझले देवर के खिलाफ गांव की ही एक युवती के साथ दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ था। फिलहाल मुख्य आरोपी जमानत पर बाहर है। इस पुराने मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था। विवाद को सुलझाने और मामले में समझौता कराने के लिए गांव में कई बार पंचायतें भी बुलाई गईं थीं, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका था, हालांकि संबंधित युवती की शादी दूसरी जगह हो चुकी थी।


बकरी चराने जा रही महिला पर हुआ हमला, रास्ते में कहासुनी के बाद डंडों से पीटा

परिजनों के अनुसार, बुधवार को जया देवी अपनी बकरियां चराने के लिए घर से निकलकर जा रही थीं। रास्ते में आरोपी पक्ष के कुछ लोग बैठे हुए थे। किसी पुरानी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई। जब महिला ने इसका विरोध किया, तो आरोप है कि उन लोगों ने मिलकर जया देवी पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस मारपीट में बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं।


अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में हुई मौत, पुलिस ने शव का कराया पोस्टमार्टम

परिजनों द्वारा गंभीर रूप से घायल महिला को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से उनकी नाज़ुक हालत को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल पहुँचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।


आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

मामले पर जानकारी देते हुए अस्थावां थानाध्यक्ष सत्यम कुमार चंद्रवंशी ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा दिया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पूरी पुष्टि हो सकेगी। पुलिस ने बताया कि परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है। गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।


राज की रिपोर्ट