Nalanda Crime News : बारात में हर्ष फायरिंग के दौरान 10 साल की बच्ची को लगी गोली, आरोपी बना रहे सुलह का दबाव

NALANDA : बिहार के नालंदा जिले के चंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत दयालपुर गांव में शुक्रवार की रात खुशियों का माहौल उस वक्त मातम और दहशत में बदल गया, जब एक बारात के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में 10 साल की बच्ची को गोली लग गई। मिली जानकारी के अनुसार, गांव के पप्पू रविदास की बेटी की बारात आई थी, जिसमें बारातियों द्वारा की जा रही लापरवाहीपूर्ण फायरिंग एक मासूम के लिए जानलेवा साबित होते-होते बची।

घटना उस समय हुई जब बारात गांव में प्रवेश कर रही थी और लोग नाच-गाने में मशगूल थे। जख्मी बच्ची की पहचान शिवानी कुमारी के रूप में हुई है, जो अपने घर के पास खड़े होकर बारातियों का डांस देख रही थी। इसी बीच बारात में शामिल एक युवक ने कट्टे से हवाई फायरिंग शुरू कर दी, जिससे निकली गोली सीधे शिवानी के पैर में जा धंसी। गोली लगते ही बच्ची लहूलुहान होकर गिर पड़ी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जख्मी बच्ची की मां सुग्गी देवी ने बताया कि बारात में शामिल एक युवक लगातार कट्टे से फायरिंग कर रहा था। मना करने के बावजूद उसने अपनी हरकत जारी रखी, जिसका खामियाजा उनकी मासूम बेटी को भुगतना पड़ा। घायल बच्ची को आनन-फानन में इलाज के लिए चंडी रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद से आरोपी पक्ष उन पर मामले को रफा-दफा करने और सुलह करने का लगातार दबाव बना रहा है।

इधर, घटना की सूचना मिलते ही चंडी थाना पुलिस दयालपुर गांव पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और चश्मदीदों से पूछताछ की जा रही है। ग्रामीणों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि पुलिस की सख्ती और प्रतिबंध के बावजूद बारात में खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन और हर्ष फायरिंग की जा रही है, जो मासूमों की जान के लिए खतरा बनी हुई है।

थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बताया कि पुलिस पूरी तत्परता से जांच में जुटी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। थानाध्यक्ष ने यह भी आश्वासन दिया कि सुलह के दबाव की बात की भी जांच होगी और हर्ष फायरिंग करने वाले आरोपी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।