Bihar News : सीतामढ़ी, जहानाबाद व समस्तीपुर के बाद नालंदा में बनेगा पटेल छात्रावास, युवा संवाद में विधायक मंटू पटेल ने किया ऐलान

Bihar News : नालंदा के बिहारशरीफ स्थित टाउन हॉल में रविवार को पटेल छात्रावास निर्माण संघ की ओर से 'पंचायत प्रतिनिधि सह युवा संवाद' का भव्य आयोजन किया गया......पढ़िए आगे

नालंदा में बनेगा पटेल छात्रावास - फोटो : RAJ

NALANDA : नालंदा में पटेल छात्रावास निर्माण की पहल को लेकर रविवार को टाउन हॉल में पंचायत प्रतिनिधि सह युवा संवाद का आयोजन किया गया। पटेल छात्रावास निर्माण संघ की ओर से आयोजित कार्यक्रम में जिलेभर से पहुंचे पंचायत प्रतिनिधियों और युवाओं ने छात्रावास निर्माण को लेकर विचार-विमर्श किया। कार्यक्रम में शिक्षा के लिए बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने और निर्माण कार्य को सामूहिक सहयोग से आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।

मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री सह अमनौर विधायक कृष्ण कुमार उर्फ मंटू पटेल ने कहा कि सीतामढ़ी, जहानाबाद और समस्तीपुर में छात्रावास निर्माण की पहल के बाद अब नालंदा में भी इसका निर्माण कराने की तैयारी है। नालंदा प्राचीन काल से ही ज्ञान और शिक्षा की धरती रही है। ऐसे स्थान पर समाज के विद्यार्थियों के लिए छात्रावास का निर्माण होना आने वाली पीढ़ी के लिए महत्वपूर्ण पहल होगी।

बिहारशरीफ में पढ़ाई करने के लिए ग्रामीण और दूर-दराज के इलाकों से बड़ी संख्या में छात्र आते हैं। कई विद्यार्थियों के सामने रहने की समस्या रहती है। छात्रावास बनने से ऐसे छात्रों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवास मिलेगा। इससे उन्हें पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ भवन निर्माण का काम नहीं, बल्कि समाज के युवाओं के भविष्य को मजबूत करने का प्रयास है। सामाजिक एकता और सामूहिक भागीदारी से ही ऐसी योजनाएं धरातल पर उतरती हैं। नालंदा में छात्रावास का निर्माण समाज की एकजुटता का परिचय देने के साथ शिक्षा के क्षेत्र में नई पहल साबित होगा। संवाद के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों और युवाओं ने भी छात्रावास निर्माण को लेकर अपने सुझाव रखे और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।

कांग्रेस नेता दिलीप कुमार ने कहा कि नालंदा में पटेल छात्रावास का निर्माण समाज के विद्यार्थियों के लिए बड़ी सुविधा साबित होगा। ग्रामीण क्षेत्रों से बिहारशरीफ आकर पढ़ाई करने वाले छात्रों को रहने के लिए बेहतर स्थान मिलेगा। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी इसका सीधा लाभ मिल सकेगा। छात्रावास में पढ़ाई के अनुकूल माहौल उपलब्ध होने से युवाओं को अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस पहल को सफल बनाने के लिए समाज के सभी लोगों को एकजुट होकर सहयोग करना चाहिए। मौके पर कौशलेंद्र कुमार उर्फ छोटे मुखिया, अविनाश कुमार समेत अन्य लोग मौजूद थे।

राज की रिपोर्ट