बाबा मणिराम दरबार पहुंचे मंत्री श्रवण कुमार, बांकीपुर नतीजों पर बोले-फैसला जनता का होगा, पप्पू यादव पर साधु वेश को लेकर कसा तंज
Bihar News: बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने नालंदा स्थित बाबा मणिराम की समाधि पर पूजा-अर्चना कर राज्य और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।
Bihar News: बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने शनिवार को नालंदा स्थित बाबा मणिराम की समाधि पर पूजा-अर्चना कर राज्य और देश की सुख-समृद्धि की कामना की। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के परिणाम को लेकर पूछे गए सवाल पर श्रवण कुमार ने कहा कि जनादेश फिलहाल ईवीएम में सुरक्षित है और अंतिम फैसला जनता का ही होगा। उन्होंने कहा कि मतगणना से पहले किसी भी राजनीतिक दल द्वारा जीत या हार का दावा करना उचित नहीं है। लोकतंत्र में मतदाताओं का निर्णय सर्वोपरि होता है और सभी दलों को परिणाम आने तक धैर्य रखना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जो भी जनादेश आएगा, उसका सम्मान करना सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है।
सांसद पप्पू यादव के साधु वेश में संसद पहुंचने के मुद्दे पर श्रवण कुमार ने तंज कसते हुए कहा कि साधु बनना केवल भगवा वस्त्र पहन लेने से संभव नहीं होता। उन्होंने कहा कि यदि किसी की वास्तविक इच्छा संन्यास और साधना की है, तो उसे संसद की बजाय किसी मंदिर, मठ या आश्रम में जाकर आध्यात्मिक जीवन अपनाना चाहिए। उनके अनुसार साधु का जीवन त्याग, तपस्या, अनुशासन और आध्यात्मिक साधना का प्रतीक होता है, जिसे केवल वेशभूषा बदलकर नहीं अपनाया जा सकता।सनातन धर्म से जुड़े सवाल पर मंत्री ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं का सम्मान करना हर नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि जो लोग सनातन धर्म, लोकतांत्रिक मूल्यों या जनता की भावनाओं का अनादर करते हैं, उन्हें समय आने पर जनता लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देती है। उन्होंने दोहराया कि लोकतंत्र में जनता ही सर्वोच्च है और वही तय करती है कि किसे समर्थन देना है और किसे नहीं।
पूजा-अर्चना के बाद श्रवण कुमार ने कहा कि बाबा मणिराम की तपोभूमि प्रदेशवासियों की गहरी आस्था का केंद्र है। उन्होंने कहा कि बाबा ने अपना पूरा जीवन सेवा, त्याग और लोककल्याण के लिए समर्पित किया था। मंत्री ने बाबा मणिराम से बिहार में शांति, विकास और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की तथा प्रदेश के लोगों के सुखद भविष्य की कामना की। इस दौरान उनके साथ नालंदा के सांसद कौशलेंद्र कुमार, गुलरेज अंसारी, डॉ. धनंजय कुमार देव, रिक्की कुमार, सन्नी कुमार समेत कई अन्य लोग मौजूद रहे। पूजा के बाद मंत्री ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के संभावित नतीजों और सांसद पप्पू यादव के साधु वेश को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी।
रिपोर्ट- राज पाण्डेय