Bihar Love Affair: नालंदा में लव अफेयर बना हंगामे की वजह! युवती ने लगाया सिर फोड़ने का आरोप, युवक बोला- खुद किया जख्मी
Bihar Love Affair: नालंदा के सोहसराय में होटल के पास प्रेमी-प्रेमिका के विवाद में युवती का सिर फोड़ने का मामला सामने आया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए, पुलिस जांच में जुटी है।
Bihar Love Affair: नालंदा के सोहसराय थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस समय अफरातफरी मच गई जब एक युवक पर अपनी प्रेमिका का सिर ईंट से फोड़ने का आरोप लगा। यह घटना एनएच-20 के किनारे स्थित एक होटल के पास हुई। सड़क पर हो रही मारपीट देखकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और युवक को पकड़ लिया। घटना की जानकारी मिलते ही युवती के परिजन भी वहां पहुंच गए, जिसके बाद काफी देर तक हंगामा होता रहा।
बताया जा रहा है कि युवक दीपनगर थाना क्षेत्र का रहने वाला है, जबकि युवती सिलाव थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी है। युवती का दावा है कि दोनों दूर के रिश्तेदार हैं और कई वर्षों से एक-दूसरे से प्रेम करते हैं। परिवार की सहमति से उनकी शादी भी तय हो चुकी थी।
युवती ने लगाया दहेज मांगने का आरोप
युवती के अनुसार, फरवरी में युवक ने उसे मिलने के लिए राजगीर बुलाया था, जहां उसने दहेज की मांग करते हुए शादी से इनकार कर दिया। इसके बावजूद दोनों के बीच बातचीत जारी रही।मंगलवार को युवक ने उसे फिर मिलने के लिए सोहसराय के एक होटल में बुलाया। युवती का कहना है कि होटल के कमरे में दोनों के बीच काफी देर तक बहस हुई। जब युवक रिश्ता तोड़कर जाने लगा तो उसने उससे शादी की गुहार लगाई। इसी दौरान गुस्से में आकर युवक ने पास में पड़ी ईंट से उसका सिर फोड़ दिया।
युवक ने आरोपों को बताया गलत
युवक ने युवती के आरोपों को गलत बताया है। उसका कहना है कि युवती के परिजन उस पर जबरन शादी करने का दबाव बना रहे थे। युवक का आरोप है कि युवती हाथ में सिंदूर की डिब्बी लेकर आई थी और उससे जबरन मांग भरवाने की कोशिश कर रही थी।युवक के मुताबिक, वह होटल से बाहर निकलकर जा रहा था, तभी युवती ने उसे फंसाने के लिए खुद ही पास में रखी ईंट से अपना सिर फोड़ लिया।घटना की सूचना मिलने के बाद बिहार पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। सोहसराय थाना के थानाध्यक्ष मुकेश कुमार मुकेश ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।