होटल के कमरे में फंदे से लटका मिला स्कूल संचालक का शव, हत्या का आरोप लगा परिजनों ने किया हंगामा

नालंदा जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां होटल के कमरे में निजी स्कूल संचालक की लाश फांसी के फंदे से लटका मिला है। संचालक मंगलवार से घर से लापता था और बुधवार को उसकी लाश बरामद हुई है.....

होटल के कमरे से बरामद हुआ स्कूल संचालक का शव- फोटो : राज

Nalanda : बिहारशरीफ के लहेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत रामचंद्रपुर स्थित होटल मनीष पैलेस में बुधवारको एक युवक का शव संदिग्ध स्थिति में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गिरियक प्रखंड के पावापुरी सहायक थाना क्षेत्र के प्यारेपुर गांव निवासी मनोज कुमार के 35 वर्षीय पुत्र सतीश कुमार के रूप में की गई है। घटना के बाद परिजनों ने हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाते हुए होटल में हंगामा किया।


निजी स्कूल संचालक थे सतीश, मंगलवार सुबह घर से निकलने के बाद नहीं लौटे थे वापस

जानकारी के अनुसार, सतीश गढ़पर में रहकर निजी स्कूल चलाते थे और मंगलवार सुबह करीब 10 बजे घर से निकले थे, लेकिन देर तक वापस नहीं लौटे। उनका मोबाइल फोन भी बंद मिलने पर परिजनों ने पावापुरी और लहेरी थाना पुलिस से मदद मांगी, लेकिन आरोप है कि दोनों थानों के बीच क्षेत्राधिकार को लेकर मामला उलझा रहा और समय पर कार्रवाई नहीं हो सकी।


परिजनों ने हत्या की जताई आशंका, पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल

मृतक के भाई सूरज कुमार और चाचा धर्मेंद्र कुमार ने सतीश की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। परिजनों का आरोप है कि यदि समय रहते पुलिस द्वारा तत्परता से कार्रवाई की जाती, तो सतीश का पता लगाया जा सकता था।


मौके पर पहुंचे एसपी, एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य व होटल संचालक के फरार होने की बात आई सामने

शव मिलने की सूचना पर एसपी हृदयकांत घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं, होटल रजिस्टर में युवक के हस्ताक्षर का मिलान नहीं हो पाया है और होटल संचालक के फरार होने की बात भी सामने आई है, जबकि यह हत्या है या आत्महत्या, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।


जांच व आगे की कार्रवाई पर टिकी निगाहें

होटल के कमरे में युवक की मौत, हस्ताक्षर का मिलान न होने और संचालक के फरार होने की परिस्थितियों को लेकर पुलिस हर पहलू से छानबीन में जुटी है। एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।


राज की रिपोर्ट