Bihar News: बुढ़वा गणेश स्थान के पुनर्निर्माण का शिलान्यास, महाराष्ट्र की तर्ज पर दिखता है गणेश पूजा का उत्साह

Bihar News:प्रसिद्ध बुढ़वा गणेश स्थान के पुनर्निर्माण कार्य का शिलान्यास सह भूमि-पूजन किया गया।...

बुढ़वा गणेश स्थान के पुनर्निर्माण- फोटो : RAJ

Nalanda:  सोहसराय के बीच बाजार स्थित प्रसिद्ध बुढ़वा गणेश स्थान के पुनर्निर्माण कार्य का रविवार को शिलान्यास सह भूमि-पूजन किया गया। बिहार सरकार के पूर्व मंत्री सह विधायक डॉ. सुनील कुमार ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। कार्यक्रम में जदयू के राष्ट्रीय महासचिव सह पूर्व विधायक ई. सुनील कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।इस मौके पर डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि भगवान गणेश को विघ्नहर्ता माना जाता है और धार्मिक परंपरा में उनकी पूजा सबसे पहले की जाती है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र और विशेष रूप से मुंबई की तर्ज पर सोहसराय में भी वर्षों से गणेश पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह और आस्था देखने को मिलती है। उनके अनुसार, गणेश पूजा का यह उत्साह अब सोहसराय की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान का हिस्सा बन चुका है।

डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि मान्यता के अनुसार उनके पूर्वजों ने इसी स्थान पर भगवान गणेश की पहली प्रतिमा स्थापित की थी। इसी वजह से यह धार्मिक स्थल कालांतर में ‘बुढ़वा गणेश’ के नाम से प्रसिद्ध हुआ। लंबे समय से श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र रहे इस परिसर के पुनर्निर्माण और बाउंड्रीवॉल निर्माण से मंदिर की जमीन सुरक्षित करने के साथ श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

वहीं ई. सुनील कुमार ने कहा कि किसी धार्मिक स्थल का विकास केवल निर्माण कार्य तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह समाज की आस्था और सामूहिक सहयोग का भी प्रतीक है। उन्होंने बुढ़वा गणेश स्थान के विकास में मंदिर समिति, स्थानीय लोगों और गणेश भक्तों के योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह स्थल और अधिक भव्य स्वरूप में श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकता है।

शिलान्यास सह भूमि-पूजन कार्यक्रम में मंदिर समिति के सदस्य प्रदुमन कुमार, शंभू कुमार, शिवम कुमार और नीरज कुमार समेत कई सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुए भूमि-पूजन के साथ मंदिर परिसर के पुनर्निर्माण कार्य की शुरुआत की गई।

रिपोर्ट- राज पाण्डेय