Bihar News: स्टॉपेज पर बस नहीं रुकी तो युवकों का तांडव, बस में तोड़फोड़, चालक-खलासी को लाठी-डंडे से पीटा

Bihar News: बस स्टॉपेज को लेकर उपजे विवाद में बिहारशरीफ से शेखपुरा जा रही यात्री बस को घेरकर हमला कर दिया।...

बरसने लगीं लाठियां- फोटो : reporter

Bihar News: नालंदा के बिहार थाना क्षेत्र में बस स्टॉपेज को लेकर उपजे विवाद ने सोमवार को हिंसक तांडव का रूप ले लिया। निचली किलागढ़ मोहल्ला स्थित यादव छात्रावास के पास 10 से 12 युवकों ने बिहारशरीफ से शेखपुरा जा रही यात्री बस को घेरकर हमला कर दिया। आरोप है कि युवकों ने पहले बस की चाबी जबरन निकाल ली और इसके बाद चालक व खलासी को लाठी-डंडे और लोहे की पाइप से बेरहमी से पीटा।

हमले में बस के चालक नीतीश कुमार और खलासी पप्पू यादव घायल हो गए। बदमाशों ने बस के अंदर घुसकर भी मारपीट की और उसके शीशे तोड़कर जमकर तोड़फोड़ की। खलासी के पास डीजल भराने के लिए रखे करीब पांच हजार रुपये छीनने का भी आरोप लगाया गया है। अचानक हुए हमले से बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।

घायल चालक ने बताया कि यादव छात्रावास के पास सड़क किनारे कुछ युवक खड़े थे। उन्हें यात्री समझकर उसने बस रोक दी। इसी दौरान युवकों ने चाबी निकाल ली और देखते ही देखते अन्य युवक भी वहां पहुंच गए। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए दोनों पर हमला कर दिया गया।

चालक ने इस वारदात के तार रक्षाबंधन के दिन हुए पुराने विवाद से भी जुड़ने की आशंका जताई है। उसका कहना है कि उस दिन स्टॉपेज से कुछ दूरी पर बस रुकने को लेकर एक यात्री और उसके परिजनों ने धमकी दी थी। हालांकि, पुलिस जांच के बाद ही साजिश और हमले की असली वजह साफ होगी।थानाध्यक्ष सम्राट दीपक ने बताया कि घायलों को सदर अस्पताल भेजा गया है। CCTV फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान की जा रही है और साक्ष्य के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

रिपोर्ट- राज पाण्डेय