Bihar News: 35 रुपये किलो प्याज के लिए उमड़ी भीड़, 60-70 रुपये के बाजार भाव ने बढ़ाई लोगों की परेशानी

Bihar News: भारतीय राष्ट्रीय उपभोक्ता सहकारी संघ की ओर से ट्रक के जरिए प्याज की बिक्री की सूचना मिलते ही खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।...

35 रुपये किलो प्याज के लिए उमड़ी भीड़- फोटो : reporter

Bihar News: महंगाई की मार झेल रहे लोगों को उस वक्त थोड़ी राहत मिली, जब बिहारशरीफ के एतवारी बाजार मोहल्ले में शनिवार को महज 35 रुपये किलो की दर से प्याज उपलब्ध कराया गया। भारतीय राष्ट्रीय उपभोक्ता सहकारी संघ की ओर से ट्रक के जरिए प्याज की बिक्री की सूचना मिलते ही खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बाजार में जहां प्याज का भाव 60 से 70 रुपये किलो तक पहुंच गया है, वहीं आधे के करीब दाम पर प्याज मिलने से लोगों ने जमकर खरीदारी की।

एतवारी बाजार में सस्ती दर पर प्याज मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। लोग कतार में लगकर प्याज खरीदते नजर आए। बढ़ती कीमतों के बीच घरेलू जरूरत का सामान कम दाम में मिलने से खासकर निम्न और मध्यम आय वर्ग के परिवारों को कुछ राहत महसूस हुई। लोगों का कहना था कि रोजमर्रा की जरूरतों की कीमत लगातार बढ़ने से घर का बजट बिगड़ रहा है। ऐसे में बाजार भाव से काफी कम कीमत पर प्याज मिलने से उन्हें तत्काल राहत मिली है।

भारतीय राष्ट्रीय उपभोक्ता सहकारी संघ की ओर से की जा रही इस बिक्री का मकसद महंगे प्याज के कारण आम लोगों पर पड़ रहे अतिरिक्त आर्थिक बोझ को कम करना और बाजार में जमाखोरी व कालाबाजारी पर नकेल कसना है। खुले बाजार में कीमत बढ़ने के बीच सरकारी एजेंसी की ओर से सस्ती दर पर प्याज उपलब्ध कराए जाने से उपभोक्ताओं को सीधा फायदा मिल रहा है।

स्थानीय लोगों ने इस पहल को मुफीद बताते हुए कहा कि यदि इसी तरह सस्ती दर पर प्याज की बिक्री अलग-अलग इलाकों में नियमित रूप से की जाए तो महंगाई से जूझ रहे परिवारों को काफी सहूलियत मिल सकती है। लोगों का कहना है कि प्याज जैसी रोजमर्रा की जरूरी सब्जी के दाम में अचानक उछाल का सीधा असर रसोई के बजट पर पड़ता है। ऐसे में भारतीय राष्ट्रीय उपभोक्ता सहकारी संघ की पहल बाजार में कीमतों को नियंत्रित करने की दिशा में भी अहम कदम साबित हो सकती है।फिलहाल, 35 रुपये किलो प्याज मिलने की खबर ने एतवारी बाजार में लोगों को बड़ी संख्या में खींच लिया और सस्ते प्याज के लिए लगी भीड़ चर्चा का विषय बनी रही।

रिपोर्ट- राज पाण्डेय