Makar Sankranti 2026 : राजगीर में मकर मेला बना यादगार, दही खाने की मची होड़ और अखाड़े में पहलवानों ने दिखाए दांव-पेच

Makar Sankranti 2026 : राजगीर में आयोजित मकर मेला में दही खाओ इनाम जीतों प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. जहाँ पहलवानों ने भी अखाड़े में अपने दाँव पेंच दिखाए....पढ़िए आगे

मकर मेला बना यादगार- फोटो : RAJ

NALANDA : ऐतिहासिक नगरी राजगीर में मकर संक्रांति के पावन अवसर पर आयोजित मकर मेला इस बार बेहद खास और यादगार रहा। मेले के दौरान आयोजित “दही खाओ–इनाम पाओ” प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र बनी रही, जिसने न केवल दर्शकों को खूब गुदगुदाया बल्कि पूरे मेला परिसर को ठहाकों से सराबोर कर दिया। दही खाने की होड़ में शामिल प्रतिभागियों के अनोखे अंदाज और जीतने के लिए उनकी जद्दोजहद ने इस आयोजन को मेले का सबसे रोमांचक हिस्सा बना दिया।

मेले का विधिवत उद्घाटन बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं परिवहन मंत्री श्रवण कुमार द्वारा किया गया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री ने राजगीर के ऐतिहासिक गौरव को याद किया। उन्होंने कहा कि राजगीर में मकर मेला का आयोजन प्राचीन काल से ही होता आ रहा है और इतिहास गवाह है कि यहाँ की कुश्ती प्रतियोगिताएं कभी पूरे क्षेत्र में मशहूर थीं, जहाँ दूर-दराज के पहलवान अपना दमखम दिखाने पहुँचते थे। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि समय के साथ जो परंपराएं कमजोर पड़ गई थीं, सरकार उन्हें पुनर्जीवित कर इस मेले को एक नया और भव्य स्वरूप प्रदान कर रही है।

मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि मकर मेला महज मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से न केवल स्थानीय कलाकारों और खिलाड़ियों को एक बड़ा मंच मिलता है, बल्कि क्षेत्र के पर्यटन को भी नई ऊंचाइयों तक ले जाने में मदद मिलती है। उन्होंने भविष्य में इस मेले को और भी व्यापक और भव्य बनाने का आश्वासन दिया ताकि राजगीर की सांस्कृतिक पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूत हो सके।

उत्सव के दौरान केवल दही खाने की प्रतियोगिता ही नहीं, बल्कि पतंगबाजी और कुश्ती जैसे पारंपरिक खेलों ने भी लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। आसमान रंग-बिरंगी पतंगों से ढका नजर आया, जिसमें बच्चों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। वहीं, अखाड़े में पहलवानों के दांव-पेचों ने दर्शकों में जोश भर दिया। इस अवसर पर सांसद कौशलेंद्र कुमार, विधान परिषद सदस्य रीना यादव सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

राज की रिपोर्ट