ताड़ के पेड़ के नीचे दबकर बुजुर्ग महिला की दर्दनाक मौत, सब्जी बेचकर चलाती थीं परिवार
बिहारशरीफ के बाजार समिति में तेज हवा के कारण एक विशालकाय ताड़ का पेड़ भरभरा कर एक महिला के ऊपर गिर गया। इस घटना में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका सब्जी बेचकर अपने परिवार का भरण पोषण करती थी....
Nalanda : बिहारशरीफ के लहेरी थाना क्षेत्र स्थित रामचंद्रपुर बाजार समिति परिसर से सोमवार को एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां अचानक चली तेज हवा के झोंके के कारण एक विशालकाय ताड़ का पेड़ भरभरा कर एक महिला के ऊपर गिर गया। पेड़ का वजन इतना अधिक था कि उसके नीचे बुरी तरह दबने से महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस अचानक हुए हादसे के बाद बाजार समिति परिसर में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई तथा देखते ही देखते लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
सब्जी बेचकर चलाती थीं परिवार
मृतका की पहचान मूल रूप से एकंगरसराय थाना क्षेत्र के नकटी सराय गांव निवासी स्वर्गीय कृष्ण प्रसाद की 62 वर्षीय पत्नी चिंता देवी के रूप में की गई है। वर्तमान में वे लहेरी थाना क्षेत्र के ही बड़ी पहाड़ी देवी स्थान मोहल्ले में रह रही थीं और स्थानीय बाजार में सब्जी बेचकर किसी तरह अपने परिवार का भरण-पोषण करती थीं। सोमवार को भी वे रोजमर्रा की तरह सब्जी खरीदने के लिए रामचंद्रपुर बाजार समिति गई थीं। थोक मंडी से सब्जी खरीदने के बाद वे वहीं पर खड़ी थीं, तभी काल बनकर ताड़ का पेड़ उनके ऊपर गिर गया।
परिजनों में मचा कोहराम
घटना की भनक लगते ही लहेरी थाना पुलिस दलबल के साथ तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से पेड़ के मलबे को हटवाकर शव को अपने कब्जे में लिया और कागजी कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया संपन्न होने के बाद शव को रोते-बिलखते परिजनों के हवाले कर दिया गया है। इस असमय मौत से मृतका के परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सरकारी सहायता दिलाने की पहल
लहेरी के थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह एक बेहद दुखद और प्राकृतिक आपदा से जुड़ी दुर्घटना है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को संबल देने के लिए आपदा राहत योजना के तहत मिलने वाली सरकारी आर्थिक सहायता राशि दिलाने का प्रयास शुरू कर दिया गया है। इस संबंध में स्थानीय प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) से विस्तृत बात की गई है। जैसे ही कागजी और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी हो जाएगी, मृतका के आश्रितों को निर्धारित सहायता राशि उपलब्ध करा दी जाएगी।
राज की रिपोर्ट