पूर्व विधायक पप्पू खान के घर छापेमारी, गिरफ्तारी से पहले पत्नी संग हुए फरार

Nalanda : बिहारशरीफ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक नौशादुन उर्फ पप्पू खान की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। आज गुरुवार दोपहर वेना थाना पुलिस ने बिहार थाना क्षेत्र के गढ़पर स्थित उनके आवास पर छापेमारी की। हालांकि पप्पू खान हाथ नहीं लगे। पुलिस के मौके पर पहुंचने  से पहले ही पप्पू खान अपनी पत्नी आफरीन सुल्ताना के साथ फरार हो गए।

सदर एसडीपीओ-2 संजय कुमार जायसवाल के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में वेना, रहुई, हरनौत, चेरो और बिहार थाना की पुलिस शामिल थी। छापेमारी के दौरान पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल रहा।


जमीन धोखाधड़ी और कब्जे का आरोप

छापेमारी के बाद सदर एसडीपीओ-2 संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि यह कार्रवाई वेना थाना में दर्ज एक मामले के तहत की गई है। पूर्व विधायक और उनकी पत्नी पर आरोप है कि उन्होंने साजिश के तहत फर्जी कागजात तैयार कर दूसरे की जमीन अपने नाम कराई और उस पर जबरन कब्जा कर लिया।


उन्होंने बताया कि पुलिस जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए हैं, जिसके आधार पर दोनों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की गई। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों घर से फरार हो चुके थे।


2023 में दर्ज हुआ था मामला

सदर एसडीपीओ-2 संजय कुमार जायसवाल के अनुसार, इस विवाद की जड़ वर्ष 2020-21 के एक जमीन सौदे से जुड़ी है। आरोप है कि पप्पू खान ने योजनाबद्ध तरीके से फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर कीमती जमीन की रजिस्ट्री अपनी पत्नी आफरीन सुल्ताना के नाम करा ली थी। इस संबंध में वर्ष 2023 में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।


गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

फिलहाल पुलिस ने आवास की तलाशी ली, लेकिन दोनों नामजद आरोपी हाथ नहीं आए। सदर एसडीपीओ-2 संजय कुमार जायसवाल ने स्पष्ट किया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और कानून के तहत आगे की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


राज की रिपोर्ट