Bihar News : नालंदा में 'चारधाम यात्रा' के नाम पर ठगी करनेवाले 4 साइबर अपराधी गिरफ्तार, पुलिस ने मोबाइल और आपत्तिजनक कागजात किये बरामद

NALANDA : नालंदा के कतरीसराय थाना पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सुंदरपुर गांव में चार शातिर साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से सात मोबाइल फोन, फर्जी सिम कार्ड और साइबर अपराध से जुड़े कागजात बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि गिरोह का नेटवर्क बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों तक फैला हुआ है। राजगीर डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना पर पुलिस टीम जब गांव के खेतों की ओर पहुंची तो वहां कुछ युवक मोबाइल पर लगातार “हेलो-हेलो” कर लोगों से बातचीत कर रहे थे। संदेह होने पर घेराबंदी कर चारों को मौके से दबोच लिया गया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सुंदरपुर निवासी 19 वर्षीय अंकित कुमार, 24 वर्षीय बॉबी कुमार, 25 वर्षीय सूरज कुमार और 18 वर्षीय अमन कुमार है। सभी कतरीसराय थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। जांच में सामने आया कि सभी आरोपी संगठित गिरोह के रूप में काम करते थे। ये लोग अलग-अलग राज्यों के लोगों को फोन कर धार्मिक यात्राओं और पर्यटन पैकेज के नाम पर ठगी करते थे। 

गिरोह खुद को हिमालयन हेली सर्विस का प्रतिनिधि बताकर चारधाम यात्रा, ऐतिहासिक, पौराणिक और अन्य तीर्थस्थलों के दर्शन कराने का झांसा देता था। हेलिकॉप्टर, बस और ट्रेन बुकिंग का भरोसा देकर पहले कुल यात्रा राशि का 30 प्रतिशत अग्रिम भुगतान ऑनलाइन मंगाया जाता था। इसके बाद टिकट बुक होने के नाम पर शेष रकम जमा कराने का दबाव बनाया जाता था। पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने इस तरीके से ठगी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

बरामदगी में छह स्मार्ट मोबाइल फोन, एक कीपैड मोबाइल फोन, फर्जी सिम कार्ड और साइबर अपराध से संबंधित कई कागजात शामिल हैं। पुलिस का मानना है कि बरामद मोबाइल और दस्तावेजों के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों तथा विभिन्न राज्यों में फैले नेटवर्क की कड़ियां खुल सकती हैं। छापेमारी दल में अंचल निरीक्षक सुमंत कुमार, थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, अपर थानाध्यक्ष आदित्य कुमार, मुकुंद भारती, संजय दास तथा कतरीसराय थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।

राज की रिपोर्ट