Bihar News: मछली पकड़ने गया था, खेत में मिली लाश, करंट या कत्ल? मौत पर उठे सवाल, परिजनों ने खोला हत्या का मोर्चा

Bihar News:जमीन विवाद की पुरानी रंजिश का हवाला देते हुए परिवार ने आरोप लगाया है कि दिनेश यादव को साजिश के तहत हत्या कर शव खेत में फेंक दिया गया।

मौत पर उठे सवाल- फोटो : RAJ

Nalanda: मछली पकड़ने के बहाने घर से निकले एक अधेड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस इसे प्रथम दृष्टया करंट लगने से हुई मौत मान रही है, लेकिन मृतक के परिजनों ने इस दावे को सिरे से खारिज करते हुए इसे सुनियोजित हत्या बताया है। जमीन विवाद की पुरानी रंजिश का हवाला देते हुए परिवार ने आरोप लगाया है कि दिनेश यादव को साजिश के तहत घर से बुलाया गया और फिर उनकी हत्या कर शव खेत में फेंक दिया गया।

घटना मानपुर थाना क्षेत्र के विशनपुर गांव की है। मृतक की पहचान स्वर्गीय लखन यादव के 51 वर्षीय पुत्र दिनेश यादव के रूप में हुई है। रविवार सुबह खेत में उनका शव मिलने के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों के अनुसार, करीब डेढ़ महीने से गांव के कुछ लोगों के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि शनिवार रात वही लोग दिनेश यादव को मछली मारने के बहाने अपने साथ ले गए। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटे तो परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। रविवार सुबह उनका शव खेत में पड़ा मिला।मृतक के परिजनों का कहना है कि पुलिस और उनके साथ गए कुछ लोग करंट लगने से मौत होने की बात कह रहे हैं, लेकिन शव पर करंट लगने के कोई स्पष्ट निशान नहीं दिखे। इसी वजह से उन्हें पूरा शक है कि दिनेश यादव की हत्या की गई है और अब मामले को हादसे का रूप देने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

इस परिवार पर दुखों का पहाड़ पहले भी टूट चुका है। परिजनों ने बताया कि करीब चार महीने पहले सड़क दुर्घटना में दिनेश यादव के बेटे की भी मौत हो गई थी। अब परिवार ने एक और सदस्य खो दिया है, जिससे पूरे घर में मातम पसरा हुआ है।वहीं, मानपुर थाना अध्यक्ष ने बताया कि ग्रामीणों से करंट लगने से मौत की सूचना मिली थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। उन्होंने कहा कि परिजनों द्वारा लगाए गए हत्या के आरोपों की भी गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल इस मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या यह वास्तव में करंट से हुई मौत है या फिर जमीन विवाद की खूनी साजिश? इसका जवाब अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा।

रिपोर्ट- राज पाण्डेय