Bihar News : राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने पाकिस्तान पर किया तीखा हमला, 'ऑपरेशन सिंदूर' और झूठे नैरेटिव को किया बेनकाब
Bihar News : राज्यपाल ने नव नालंदा महाविहार और नालंदा खुला विश्वविद्यालय (NOU) में आयोजित विभिन्न महत्वपूर्ण शैक्षणिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
NALANDA : बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन बुधवार को नालंदा पहुंचे, जहां उन्होंने नव नालंदा महाविहार और नालंदा खुला विश्वविद्यालय में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया। आगमन पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान उन्होंने ह्वेनसांग स्मारक का भी भ्रमण किया और ऐतिहासिक विरासत के बारे में जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने कहा कि कहा कि पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झूठा नैरेटिव गढ़कर दुनिया को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर को लेकर पाकिस्तान भ्रामक प्रचार कर रहा है, जबकि वास्तविकता इससे बिल्कुल अलग है। राज्यपाल ने कहा कि सूचना के इस दौर में सही तथ्यों को प्रभावी ढंग से दुनिया के सामने रखना बेहद आवश्यक है, क्योंकि गलत नैरेटिव लोगों की सोच और वैश्विक धारणा को प्रभावित कर सकता है। नालंदा खुला विश्वविद्यालय में राज्यपाल ने ऑनलाइन कक्षाओं के लिए अत्याधुनिक स्टूडियो तथा जनसंचार अध्ययन स्टूडियो का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति, शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक एवं शिक्षाकर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि बिहार में उच्च शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ और गुणवत्तापूर्ण बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि वे राज्य के सभी विश्वविद्यालयों का दौरा करेंगे और वहां की शैक्षणिक व्यवस्था, आधारभूत संरचना तथा शिक्षण गुणवत्ता का आकलन कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा में व्यापक परिवर्तन एक दिन में संभव नहीं है, लेकिन योजनाबद्ध और चरणबद्ध प्रयासों से निश्चित रूप से सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। राज्यपाल ने नालंदा खुला विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली पर विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें इस संस्थान से बेहतर शैक्षणिक परिणामों और नवाचार की उम्मीद है।
अपने संबोधन में राज्यपाल ने ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए पाकिस्तान की ओर से फैलाए जा रहे कथित दुष्प्रचार पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झूठा नैरेटिव प्रस्तुत कर यह प्रचारित करने का प्रयास कर रहा है कि उसे ऑपरेशन सिंदूर में सफलता मिली, जबकि वास्तविक स्थिति इससे बिल्कुल अलग है। उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान विभिन्न संचार माध्यमों का दुरुपयोग कर दुनिया भर में भ्रामक जानकारी प्रसारित कर रहा है।
राज्यपाल ने वर्ष 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध का उल्लेख करते हुए कहा कि पाकिस्तान छह सितंबर को 'विजय दिवस' के रूप में मनाता है, जबकि उस युद्ध में उसे पराजय का सामना करना पड़ा था। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय सूचना और संचार का युग है, इसलिए सही तथ्यों को प्रभावी ढंग से दुनिया के सामने रखना अत्यंत आवश्यक है। यदि असत्य तथ्यों का समय पर खंडन नहीं किया जाए तो वे लोगों की सोच और धारणा को प्रभावित कर सकते हैं।
राज की रिपोर्ट