प्रेम प्रसंग में खौफनाक वारदात: प्रेमिका के घर बुलाए गए युवक की निर्मम हत्या कर नहर में फेंका गया शव, परिजनों ने लगाया गंभीर आरोप
नालंदा जिले से प्रेम-प्रसंग में एक युवक की हत्या किये जाने का मामला सामने आया है। मृतक के परिजनों का आरोप है कि लड़की के घर वालो ने युवक की हत्या कर उसकी लाश को पानी भरे नहर में फेंक दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच मे जुटी है....
Nalanda : जिले से प्रेम प्रसंग के एक मामले में क्रूरता की हदें पार करते हुए एक युवक की हत्या कर उसका शव पानी भरी नहर में फेंक दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान हिलसा थाना क्षेत्र के गोवालबिगहा गांव निवासी अधिवक्ता ओम प्रकाश के 25 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार के रूप में की गई है।
पीजी की पढ़ाई के दौरान हुआ था प्रेम संबंध, मिली थीं धमकियां
मृतक के परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, करीब छह महीने पहले पीजी की पढ़ाई के दौरान शिवम की दोस्ती एकंगरसराय स्थित एसयू कॉलेज की एक छात्रा से हुई थी, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। जब इस रिश्ते की भनक लड़की के परिजनों को लगी, तो उन्होंने शिवम को इस संबंध को पूरी तरह खत्म करने की धमकी भी दी थी।
लड़की के भाई पर बुलाकर ले जाने और गायब करने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि इसी रंजिश के तहत 14 सितंबर को लड़की के भाई गौरव ने फोन करके शिवम को बुलाया और अपने साथ ले गया। परिजनों ने जब फोन पर शिवम से संपर्क किया तो उसने खुद को बिहारशरीफ में बताया था, जबकि आरोपी गौरव ने भी भरोसा दिलाया था कि वह सुरक्षित है। हालांकि, 14 सितंबर की रात से ही शिवम का मोबाइल फोन पूरी तरह बंद हो गया और परिजन उसकी तलाश में परेशान रहे।
तकनीकी जांच और सिम कार्ड के जरिए हुई शव की पहचान
घटना के दौरान तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र में एक अज्ञात शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। पानी में डूबे रहने के कारण मोबाइल खराब हो चुका था, जिससे पहचान में कठिनाई आई। इसके बाद एफएसएल टीम ने मोबाइल से सिम निकालकर दूसरे फोन में लगाई और तकनीकी जांच की, जिसके आधार पर हिलसा न्यायालय के अधिवक्ता ओम प्रकाश से संपर्क कर शव की शिनाख्त शिवम के रूप में की गई। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं।
पुलिस कार्रवाई और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
तेल्हाड़ा थानाध्यक्ष अजीत कुमार टिंकू ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस हर बिंदु पर बारीकी से छानबीन कर रही है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रथमदृष्टया सिर पर चोट के पुराने निशान होने की बात सामने आई है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की लिखित शिकायत पर दर्ज होने वाली प्राथमिकी के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
राज की रिपोर्ट